CM Hemant Soren: रांची के मोरहाबादी में जलेगा 70 फीट का रावण, सीएम हेमंत सोरेन रिमोट से करेंगे दहन
CM Hemant Soren: पंजाबी हिंदू बिरादरी की ओर से मोरहाबादी मैदान में रावण दहन किया जायेगा। यहां रावण का 70 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया है। वहीं कुंभकर्ण के 65 फीट व मेघनाथ के 60 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया जायेगा।
इसके अलावा 30-30 फीट की सोने की लंका भी तैयार की गयी है। इस वर्ष मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रिमोट से तीनों पुतलों का दहन करेंगे। डॉ कमल बोस के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया जायेगा।

इस बार कोलकाता के कारीगर शेखर मुखर्जी की देखरेख में आतिशबाजी की जायेगी। जमशेदपुर के परमजीत सिंह सन्नी के नेतृत्व में भांगड़ा पेश किया जायेगा। वहीं रूपा डे, ज्योति साहू व चुमकी राय की ओर से गीत और नृत्य पेश किया जायेगा।
यह जानकारी अध्यक्ष सुधीर उग्गल, राजेश मेहरा, प्रवक्ता अरुण चावला, रणदीप आनंद, कुणाल आजमानी और राजेश खन्ना सहित अन्य ने दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम दिन के साढ़े तीन बजे से शुरू हो जायेगा। यहां रावण दहन पर 12 से 15 लाख रुपये खर्च किया जायेगा।
श्री दुर्गा पूजा और रावण दहन समिति अरगोड़ा की ओर से अरगोड़ा मैदान में मंगलवार को शाम चार बजे रावण दहन किया जायेगा। यहां 60 फीट ऊंचा रावण व कुंभकरण और मेघनाद का 55 फीट का पुतला बनाया गया है।
आतिशबाजी स्थानीय व बक्सर के कलाकारों द्वारा की जायेगी। मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उपस्थित रहेंगे। वहीं छऊ नृत्य भी पेश किया जायेगा।
श्री श्री दुर्गापूजा सह रावण दहन समिति सिदरौल द्वारा 70 फीट के रावण और 65 फीट के कुंभकर्ण व मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जायेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और विशिष्ट अतिथि खिजरी विधायक राजेश कच्छप होंगे। दहन के समय पुतले दहाड़ने व ठहाके की आवाज करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications