पूरा हुआ वादा, ओडिशा के 23 जिलों में 50 पेपरलेस अदालतों का हुआ उद्घाटन
ओडिशा में सोमवार को उड़ीसा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डॉ. न्यायमूर्ति एस. मुरलीधर ने 23 जिलों को कवर करने वाले 50 पेपरलेस न्यायालयों का वर्चुअल मोड में उद्घाटन किया।
उद्घाटन के दौरान उड़ीसा हाईकोर्ट में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और सूचना प्रौद्योगिकी समिति के अध्यक्ष जस्टिस एस. तालापात्रा मौजूद रहे। इनके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सूचना प्रौद्योगिकी समिति के अन्य् सदस्य और उड़ीसा हाईकोर्ट के अन्य जज भी उपस्थित थे।

समारोह में एडवोकेट जनरल अशोक कुमार परिजा और ओसीएसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने भी हिस्सा लिया। राज्य के जिला न्यायाधीश और न्यायिक अधिकारी वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े।
गौरतलब है कि इससे पहले 17 सितंबर, 2022 को भारत के मुख्य न्यायाधीश द्वारा सभी 30 जिलों को कवर करने वाले 34 पेपरलेस न्यायालयों का उद्घाटन किया गया था। इसके अलावा 5 और 6 मई 2023 को कटक में डिजिटलीकरण ई-पहल और पेपरलेस कोर्ट पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन समारोह में उड़ीसा उच्च न्यायालय की ओर से मुख्य न्यायाधीश ने तीन महीने की अवधि के भीतर राज्य में 100 पेपरलेस कोर्ट खोलने का वादा किया था।
50 नई पेपरलेस अदालतों के उद्घाटन के साथ, उड़ीसा उच्च न्यायालय अपने वादे पर खरा उतरा है और राज्य की जिला न्यायपालिका में पेपरलेस अदालतों की संख्या 84 तक पहुंच गई है। आने वाले समय में 50 और पेपरलेस अदालतों का उद्घाटन करने की योजना है।












Click it and Unblock the Notifications