तुलसी विवाह 2026 कब है? किस दिन लग रहा है भद्रा? जान लें पूजा का सही समय और पूरी विधि
Tulsi Vivah 2026: हिंदू धर्म में देवोत्थान एकादशी का विशेष महत्व माना जाता है। इस साल यह पर्व 20 नवंबर, शुक्रवार को मनाया जाएगा। मान्यता है कि चातुर्मास के चार महीने योगनिद्रा में रहने के बाद इस दिन भगवान विष्णु जागते हैं। उनके जागने के साथ ही शादी-विवाह और दूसरे मांगलिक कार्यों पर लगा विराम भी खत्म हो जाता है।
देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु की पूजा के साथ तुलसी विवाह और गन्ने का नेवान करने की परंपरा है। हालांकि, इस बार दोपहर 2 बजकर 25 मिनट के बाद भद्रा लग रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं को तुलसी विवाह और गन्ने का नेवान भद्रा शुरू होने से पहले ही करना होगा।

देवोत्थान एकादशी की तिथि और पारण का समय
एकादशी तिथि 19 नवंबर की रात करीब 2 बजे शुरू होगी और 20 नवंबर की रात लगभग 2 बजे समाप्त होगी। 20 नवंबर को दोपहर 2:25 बजे से भद्रा लग जाएगी। इसलिए तुलसी विवाह और गन्ने का नेवान इससे पहले करना बेहतर रहेगा। वहीं, जो लोग एकादशी का व्रत रखेंगे, वे अगले दिन यानी 21 नवंबर, शनिवार को सुबह व्रत का पारण करेंगे।
चार महीने बाद जागेंगे भगवान विष्णु
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी पर उनका जागरण होता है। इसी वजह से इस दिन को देवोत्थान या देवउठनी एकादशी कहा जाता है।
इस अवसर पर भगवान विष्णु की विशेष पूजा की जाती है। मान्यता है कि उनके जागने के बाद ही विवाह, गृह प्रवेश और अन्य शुभ कामों की शुरुआत होती है।
तुलसी और शालिग्राम के विवाह की परंपरा
देवोत्थान एकादशी पर माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराने की परंपरा है। इसके लिए तुलसी के पौधे को सजाकर मंडप तैयार किया जाता है और विवाह की रस्में निभाई जाती हैं। धार्मिक मान्यता में इस विवाह को कन्यादान के समान पुण्य देने वाला माना गया है।
इसके अलावा गन्ने का मंडप बनाकर भगवान विष्णु की पूजा की जाती है और उन्हें नेवान चढ़ाया जाता है। इस तरह यह पर्व पूजा-पाठ के साथ प्रकृति और परिवार की खुशहाली से भी जुड़ा हुआ है।



Click it and Unblock the Notifications
