Sun transit 2023: आर्द्रा नक्षत्र में सूर्य का प्रवेश आज, जानिए क्या होगा असर?
Sun in Ardra Nakshatra: सूर्य विभिन्न नक्षत्रों में भ्रमण करते हुए 22 जून 2023 को सायं 5 बजकर 48 मिनट पर आर्द्रा नक्षत्र में प्रवेश करने जा रहा है। सूर्य के नक्षत्रों में प्रवेश से मौसम का आकलन किया जाता है। आर्द्र का अर्थ होता है गीला इसीलिए आर्द्रा नक्षत्र में सूर्य के प्रवेश करने से वर्षा के योग देखे जाते हैं।

22 जून के तात्कालिक तिथि, वार व योग का फल शुभप्रद है किंतु नक्षत्र का फल नेष्ट है। सूर्य सायंकाल में आर्द्रा में प्रवेश कर रहा है जो मध्यम शुभकारक है। आर्द्रा प्रवेश के समय चंद्रमा सूर्य से द्वितीय स्थान में होकर पूर्ण जलराशि कर्क में होने से उत्तम वर्षाकारक योग है। इसके प्रभाव से भारत में कहीं अतिवर्षण को कहीं मध्यम या खंड वृष्टि होने के योग हैं। सूर्य के आर्द्रा में प्रवेश के एक दिन बाद बुध के मिथुन राशि में प्रवेश करने एवं पहले से शुक्र के कर्क राशि में भ्रमण करने से पश्चिमोत्तर भारत में व्यापक वर्षा हो सकती है।
जीवनदायी नक्षत्र है आर्द्रा
समस्त 27 नक्षत्रों में आर्द्रा को जीवनदायी नक्षत्र कहा गया है। इससे धरती को नमी प्राप्त होती है। कृषि प्रधान देश भारत में इसी नक्षत्र से कृषि कार्यों का शुभारंभ होता है। नक्षत्रमंडल में आर्द्रा छठा नक्षत्र है और इसका अधिपति राहु है। इस नक्षत्र से मिथुन राशि का निर्माण होता है इसलिए इस पर मिथुन के स्वामी बुध का प्रभाव भी देखा जाता है। आर्द्रा नक्षत्र में सूर्य के प्रवेश के साथ ही वर्षा ऋतु का प्रारंभ होता है।
6 जुलाई तक मध्यम से श्रेष्ठ वर्षा का योग
सूर्य 22 जून से 6 जुलाई तक आर्द्रा नक्षत्र में गोचर करेगा। इस दौरान खंड वर्षा के योग बनेंगे। भारत के पश्चिम-उत्तर के राज्यों में भारी वर्षा हो सकती है। अन्य राज्यों में सामान्य और मध्यम वर्षाकारक योग हैं। वर्षा का असंतुलन बना रहेगा। कुछ राज्य भीषण गर्मी से बेहाल रहेंगे तो कुछ जगह धूल भरी आंधियां चल सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications