Holika Dahan 2024 Timing: कब खत्म होगा भद्राकाल? आज कितने बजे किया जाएगा होलिका दहन?
Holika Dahan 2024 (कब खत्म होगा भद्राकाल): फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा आज है इसलिए होलिका दहन आज ही किया जाएगा। इस बार भद्रा का साया होने के कारण होलिका दहन के समय को लेकर मतभेद हो रहे हैं।

कुछ विद्वानों का मानना है कि होलिका दहन भद्रा के पुच्छ काल में किया जा सकता है तो कुछ का कहना है होलिका दहन भद्रा समाप्ति के बाद किया जाएगा। दोनों ही मत अपने-अपने स्थान पर सही है और भद्रा के पुच्छ काल में होलिका दहन किया जा सकेगा। वैसे भद्रा समाप्ति के बाद होलिका दहन किया जाना उचित होगा।
पंचांग के अनुसार पूर्णिमा तिथि 24 मार्च को प्रात: 9 बजकर 54 मिनट पर प्रारंभ होकर 25 मार्च को दोपहर 12 बजकर 29 मिनट तक रहेगी। वहीं भद्रा 24 मार्च को रात्रि 11 बजकर 12 मिनट तक रहेगी। इस लिहाज से होलिका दहन 24 मार्च को किया जाना ही शास्त्र सम्मत रहेगा क्योंकि 25 मार्च को दोपहर में ही पूर्णिमा तिथि समाप्त हो जाएगी।
प्रदोष काल सायं 6:34 से 7:53 तक रहेगा
24 मार्च को प्रदोष काल सायं 6:34 से 7:53 तक रहेगा। इस दौरान भद्रा का पुच्छ काल भी रहेगा। इसलिए इसी दौरान होलिका दहन किया जाना शुभ रहेगा। इस प्रकार 1 घंटा 19 मिनट का समय होलिका दहन के लिए मिलेगा। इसके बाद भद्रा समाप्ति रात्रि में 11 बजकर 12 मिनट पर होगी। उसके बाद भी 11:12 से 12:30 तक होलिका दहन किया जा सकेगा। यह समय सर्वश्रेष्ठ रहेगा।
क्या करें होलिका दहन में?
होलिका दहन से पूर्व होलिका का पूजन किया जाता है। गाय के गोबर से बने कंडों, सूखे पेड़ की लकड़ियों और घास फूस से होलिका को सजाकर इसका पूजन किया जाता है। होलिका के चारों ओर सुंदर रंगोली सजाई जाती है। होलिका में गोबर से बड़े बड़बूलों की माला, गोबर से बने नारियल घर की स्त्रियां, बालिकाएं अर्पित करती हैं। होलिका की पांच परिक्रमा करते हुए पूजन किया जाता है। फिर होलिका दहन किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications