Hanuman Ashtami 2021: विजय दिवस के रूप में मनाई जाती है हनुमान अष्टमी, आज बना है विशेष योग
नई दिल्ली , 27 दिसंबर। पौष माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को हनुमान अष्टमी मनाई जाती है। इस बार यह सोमवार को हस्त नक्षत्र और शोभन योग की साक्षी में आई है। हनुमान अष्टमी का पर्व हनुमानजी के विजय दिवस के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। एक पौराणिक प्रसंग के अनुसार त्रेता युग में अहिरावण राम और लक्ष्मण को बंदी बनाकर पाताल लोक में ले गया था। तब हनुमानजी ने अहिरावण का वध करके राम-लक्ष्मण को बंधन से मुक्त कराया था और अवंतिका नगरी में आकर विश्राम किया था। यह दिन पौष माह की अष्टमी थी। तब श्रीराम ने यह वरदान दिया था किजो भक्त पौष कृष्ण अष्टमी को विधि विधाने हनुमान का पूजन करेगा उसके सारे मनोरथ पूरे होंगे।

विशेष योग
हनुमान अष्टमी के दिन हस्त नक्षत्र और शोभन योग है और सर्व कार्यो में सिद्धि देने वाला योग है। इस दिन मंगल, शनि, राहु-केतु की शांति के लिए हनुमानजी की पूजा का विशेष महत्व है। इस दिन मंदिरों में हनुमानजी का विशेष श्रंगार करके मिष्ठान्नों का नैवेद्य लगाया जाता है। विशेष पाठ किए जाते हैं।
क्या उपाय करें
- हनुमान अष्टमी के दिन शनि, मंगल और राहु-केतु की शांति के लिए हनुमानजी को चमेली के तेल में सिंदूर मिलाकर चोला चढ़ाएं। बेसन के लड्डू का भोग लगाएं। चमेली के पुष्पों की माला हनुमानजी को अर्पित करें। इससे सारे कार्य सुखद होंगे।
- हनुमान अष्टमी के दिन हनुमान मंदिर के शिखर पर लाल तिकोनी ध्वजा लगाने से सर्वत्र रक्षा और सर्वत्र विजय होगी है।
- इस दिन दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में बैठकर हनुमान बाहु अष्टक के 21 पाठ करने से रोगों से मुक्ति मिलती है। संकटों का नाश होता है और शत्रुओं से रक्षा होती है।
- हनुमानजी की प्रतिमा के दाहिने पैर के अंगूठे से सिंदूर लेकर घर के मुख्य द्वार पर स्वस्तिक बनाने से परिवार की संकटों से रक्षा होती है। आर्थिक स्थिति सुखद रहती है।
- इस दिन सुंदरकांड का पाठ करके हनुमानजी को देसी घी के हलवे का नैवेद्य लगाने से समस्त सुखों की प्राप्ति होती है।
- हनुमान अष्टमी के दिन हनुमान चालीसा के सात बार पाठ करें और 108 परिक्रमा लगाएं, जो संकल्प मन में लेंगे वह पूरा होगा।
- मंगल की शांति के लिए हनुमानजी को मीठा पान भेंट करें।
- इस दिन लाल मसूर की दाल काले पत्थर के शिवलिंग पर अर्पित करने से मंगल की शांति होगी।
- शनि की शांति के लिए हनुमान अष्टमी के दिन हनुमत आराधना करें। ऊं हं हनुमते नम: की 11 माला जाप काले हकीक या रूद्राक्ष की माला से करें।












Click it and Unblock the Notifications