प्रताप सोमवंशी की ग़ज़लें
एक
रियासत जब भी ढहती है नवासे दुख उठाते हैं.
कहीं पंचर बनाते हैं कहीं तांगा चलाते हैं.
बड़ी मुश्किल से दो वक्त की रोटी कमाते हैं.
सुबह से शाम तक फुटपाथ पर किस्मत बताते हैं.
जमूरा सिर खुजाता है, मदारी हाथ मलता है.
तमाशा देख कर बदमाश बच्चे भाग जाते हैं.
किसी के साथ रहना और उससे बच के रह लेना.
बताओ किस तरह से लोग ये रिश्ता निभाते हैं.
हजारों लोग मिलते हैं तो कोई इक समझता है.
बड़ी मुश्किल से हम भी दोस्ती में सिर झुकाते हैं.
दो
कुछ जिस्म तो कुछ उसमें हुनर ढूढ़ रहे थे.
हम आंख में नीयत का असर ढूढ़ रहे थे.
सब पूछ रहे थे कि वजह मौत की क्या थी,
हम लाश की आंखों में सफर ढूढ़ रहे थे.
उस मोड़ से होकर तुझे जाना ही नहीं था,
पागल थे जो ता-उम्र उधर ढू़ढ रहे थे.
बच्चे जो हों परदेस तो पूछो न उनका हाल,
तिनका भी गिरे तो वे खबर ढूंढ रहे थे.
इस दौर ने हर चेहरे पे बेचैनियां लिख दीं,
इक उम्र से सब अपना ही घर ढूढ़ रहे थे.
प्रताप सोमवंशी


Click it and Unblock the Notifications
