Dev Deepawali 2024: देव दीपावली आज. जानिए महत्व और खास बातें
Dev Deepawali 2024 Significance: हिंदू धर्म में देव दीपावली का दिन काफी पावन माना जाता है, इसे 'कार्तिक पूर्णिमा' के नाम से भी जाना जाता है, वैसे तो इस दिन को लोग अपनी-अपनी तरह से सेलिब्रेट करते हैं लेकिन उत्तर प्रदेश के काशी (वाराणसी) में इसे बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है।
ऐसा माना जाता है कि इस दिन देवता धरती पर आते हैं और गंगा तट पर दीप जलाकर भगवान शिव की आराधना करते हैं।आज ये सुखद दिन आया है।

हर साल कार्तिक मास की पूर्णिमा दिवाली के 15वें दिन मनाई जाती है। इस बार पूर्णिमा तिथि 15 नवंबर को 6:19 AM शुरू हुई है तो वहीं इसका अंत 16 नवंबर को 2:58 AM होगा। उदया तिथि मान्य होने के कारण इस बार ये पर्व आज मनाया जा रहा है।
क्यों मनाते हैं देव दीपावली?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था, जो देवताओं और मनुष्यों के लिए आतंक का कारण बन रहा था। त्रिपुरासुर का वध करने के बाद सभी देवताओं ने काशी में आकर दीप जलाकर भगवान शिव का धन्यवाद किया था। तभी से इस दिन को देव दीपावली के रूप में मनाने की परंपरा चली आ रही है।
कार्तिक पूर्णिमा पर करें गंगा स्नान
देव दीपावली को केवल त्रिपुरासुर वध से ही नहीं जोड़ा गया है, बल्कि यह दिन भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार से भी संबंधित माना जाता है। कार्तिक पूर्णिमा को गंगा में स्नान करने का विशेष महत्व है और इसे मोक्ष प्राप्ति का दिन माना गया है। यह माना जाता है कि इस दिन गंगा स्नान से सारे पाप समाप्त हो जाते हैं और आत्मा को शुद्धता प्राप्त होती है।
विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं
देव दीपावली के दिन विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं। काशी के घाटों पर गंगा की पवित्रता को समर्पित यह पर्व शाम के समय दीपों से सजाया जाता है। जैसे ही सूर्यास्त होता है, गंगा घाट पर दीपों की कतारें जल उठती हैं। गंगा के पानी में जलते हुए दीपों का प्रतिबिंब अद्धभुत आनंद प्रदान करता है। इस दिन लोग विशेष रूप से भगवान शिव, भगवान विष्णु और माँ गंगा की आराधना करते हैं। इसके साथ ही, श्रद्धालु अपने पितरों को भी जलांजलि देते हैं और उनके मोक्ष की प्रार्थना करते हैं।
DISCLAIMER: यह सूचना इंटरनेट पर उपलब्ध मान्यताओं और सूचनाओं पर आधारित है। वनइंडिया लेख से संबंधित किसी भी इनपुट या जानकारी की पुष्टि नहीं करता है इसलिए किसी भी जानकारी को अमल में लाने से पहले कृपया किसी जानकार ज्योतिष या पंडित की राय जरूर लें।












Click it and Unblock the Notifications