Ashadhi Navaratri: धन प्राप्ति के लिए महत्वपूर्ण हैं आषाढ़ी नवरात्रि का शुक्रवार
नई दिल्ली। यदि आप आर्थिक रूप से बहुत कमजोर हैं। पैसों की तंगी लगातार बनी रहती है, कोई भी काम करते हैं तो उसमें सफलता नहीं मिलती है, भोग-विलास के साधनों से दूर हैं तो आपके लिए आषाढ़ माह की इस गुप्त नवरात्रि में आ रहा शुक्रवार सबसे महत्वपूर्ण है। वर्तमान में आषाढ़ी गुप्त नवरात्रि चल रही है और इसका शुक्रवार 26 जून को है।

शुक्रवार मां लक्ष्मी का दिन होता है
शुक्रवार मां लक्ष्मी का दिन होता है और गुप्त नवरात्रि का शुक्रवार सबसे ज्यादा सिद्धिदायक होता है। इस दिन कुछ विशेष शुभ संयोग भी बन रहे हैं। शुक्र के मार्गी होने के ठीक एक दिन बाद आ रहे इस शुक्रवार के दिन सर्वार्थसिद्धि योग है। इस दिन यदि आप कुछ विशेष प्रयोग करेंगे तो आर्थिक संकट आपसे हमेशा के लिए दूर हो जाएगा।

आषाढ़ी गुप्त नवरात्रि
आषाढ़ी गुप्त नवरात्रि में पड़ने वाले शुक्रवार के दिन अष्टलक्ष्मी की पूजा की जाती है। ये आठ लक्ष्मी हैं आदि लक्ष्मी, धान्य लक्ष्मी, धैर्य लक्ष्मी, गज लक्ष्मी, संतान लक्ष्मी, विजय लक्ष्मी, विद्या लक्ष्मी और ऐश्वर्य लक्ष्मी। इन अष्टलक्ष्मी की पूजा शुक्रवार की रात्रि में दूसरे प्रहर में की जाती है। दूसरा प्रहर यानी रात 9 से 12 बजे के बीच। पूजा के लिए एक चौकी पर लाल रेशमी कपड़ा बिछाकर उस पर श्री यंत्र और अष्टलक्ष्मी की तस्वीर स्थापित करें।

श्रीसूक्त के 8 पाठ भी किए जा सकते हैं
अब इस चौकी पर चारों ओर गाय के घी के आठ दीपक प्रज्जवलित करें। षोडशोपचार पूजन करें, देवी को लाल गुलाब के पुष्प अर्पित करें। मखाने की खीर का नैवेद्य लगाएं। इसके बाद कमलगट्टे की माला से ऐं ह्रीं श्रीं अष्टलक्ष्म्यै ह्रीं सिद्धये मम गृहे आगच्छागच्छ नम: स्वाहा मंत्र की एक माला जाप करें। इस मंत्र के स्थान पर श्रीसूक्त के 8 पाठ भी किए जा सकते हैं। पूजा के बाद कमलगट्टे की माला को लाल रेशमी कपड़े में बांधकर अपनी तिजोरी में संभालकर रख दें।

शुक्रवार के ये उपाय भी कर सकते हैं
- शुक्रवार के दिन ललितासहस्रनाम और विष्णुसहस्रनाम के 11-11 पाठ करने से अतुलनीय लक्ष्मी की प्राप्ति होती है।
- शुक्रवार का व्रत रखकर 7 कुंवारी कन्याओं को खीर खिलाकर श्रद्धानुसार श्रृंगार का सामन भेंट करने से सुख-सौभाग्य की प्राप्ति होती है।
- शुक्रवार के दिन दक्षिणावर्ती शंख में जल भरकर भगवान विष्णु का अभिषेक करने से धन की कमी नहीं होती।
- शुक्रवार के दिन 7 गोमती चक्र और 7 लाल कौड़ी को गंगाजल से धोकर, केसर की बिंदी लगाकर तिजोरी में रखने से धन की आवक बनी रहती है।
- इस दिन ईशान कोण में गाय के घी का दीपक लगाने से आर्थिक संकट दूर हो जाता है।
- शुक्रवार के दिन दही, दूध, मावा, मिश्री का दान करने से संतान की प्राप्ति होती है।












Click it and Unblock the Notifications