फोटो प्रभाग के स्वर्णजयंती समारोह पर 4 फोटोग्राफर होंगे पुरस्कृत
नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के फोटो प्रभाग के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर गुरुवार को चार प्रख्यात फोटो पत्रकारों को आजीवन उपलब्धि के लिए पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में ये पुरस्कार प्रदान करेंगे।
होमाई व्यारवाला, एस पाल, बेणु सेन तथा केजी माहेश्वरी को पुरस्कृत किया जाएगा और इनमें से प्रत्येक व्यक्ति को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये, शॉल, स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। इस अवसर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी तथा सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री सीएम जतुआ भी उपस्थित रहेंगे।
प्रथम श्रेणी का पुरस्कार दो प्रख्यात फोटो पत्रकारों को प्रदान किया जाएगा। होमाई व्यारवाला, देश की पहली भारतीय महिला फोटो जर्नलिस्ट नाम से विख्यात हैं, वे 97 साल की हैं और बड़ोदरा में रहती हैं। दूसरे पत्रकार एस पाल हैं, वे इस समय 79 साल के हैं। वे 1962 से 1988 तक इंडियन एक्सप्रेस के मुख्य फोटोग्राफर थे। उन्होने देश-विदेश में अधिकतम फोटो पुरस्कार जीते हैं।
पिक्टोरियलिट्स श्रेणी में लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड 79 वर्षीय कोलकाता के बेणुसेन को प्रदान किया जाएगा। इसी श्रेणी में मुंबई के 88 वर्षीय क़े जी़ माहेश्वरी को पुरस्कृत किया जाएगा जो विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनियों में 400 से अधिक पुरस्कार जीत चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications