विरासत सिखिज़्म ट्रस्ट ने ईरान सांस्कृतिक सलाहकार को सौंपा पत्र, तेहरान गुरुद्वारे की रक्षा का किया आग्रह
Iran Israel conflict: ईरान और इजराइल में चल रहे संघर्ष के बीच विरासत सिखिज़्म ट्रस्ट ने बड़ा कदम उठाया है। ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार (23 जून 2025) को दिल्ली में स्थित ईरान कल्चर हाउस में ईरान के सांस्कृतिक सलाहकार डॉ. एफ. फरीदासर से मुलाक़ात की। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल ने तेहरान स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन मर्यादा को बनाए रखने और गुरुद्वारा साहिब में कार्य कर रहे स्टाफ व सिख संगत की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर एक पत्र सौंपा।
विरासत सिखिज़्म ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान डॉ. एफ. फरीदासर ने बताया कि ईरान में सभी धर्मों के धार्मिक स्थल पूरी तरह सुरक्षित हैं और अब तक किसी भी धार्मिक स्थल पर कोई अप्रिय घटना नहीं घटी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ईरान सरकार हर मज़हब के धार्मिक स्थलों के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता देती है और विशेष रूप से गुरु नानक देव जी के घर यानी गुरुद्वारे की सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान रखा जाएगा।

इस अवसर पर विरासत सिखिज़्म ट्रस्ट के चेयरमैन रजिंदर सिंह ने कहा, "गुरु ग्रंथ साहिब जी संपूर्ण मानवता को आपसी भाईचारे और शांति का संदेश देते हैं। यह संदेश सिर्फ़ गुरमुखी में ही नहीं, बल्कि भारतीय उपमहाद्वीप की विभिन्न भाषाओं के साथ-साथ ईरान की राजकीय भाषा फारसी में भी मौजूद है।"
ट्रस्ट की सदस्य बीबी हरलीन कौर ने कहा, "गुरु नानक देव जी की उदासी यात्रा के समय से ही सिख धर्म का संबंध ईरान से रहा है और हमें विश्वास है कि ईरान सरकार सिखों के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान देगी।"












Click it and Unblock the Notifications