उत्तराखंड: मुख्यमंत्री ने 109 करोड़ रुपए की 24 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
हल्द्वानी, जून 28। उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह रावत ने हल्द्वानी में 109 करोड़ की 24 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसमें 11.39 करोड़ की चार महत्वपूर्ण योजनाएं जनता को समर्पित की। उन्होंने कहा कि सरकार हर क्षेत्र में तेज गति से विकास करना चाहती है।

रविवार को सर्किट हाउस गौलापार में लोकार्पण व शिलान्यास के बाद सीएम ने पत्रकारों को सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कोरोना से जान गंवाने वालों के अनाथ बच्चों के लिए शुरू की गई वात्सल्य योजना का भी जिक्र किया और कहा, कोविड काल में किसी भी बीमारी से जान गंवाने वाले अभिभावकों के अनाथ बच्चों को वात्सल्य योजना में शामिल किया है। 21 वर्ष की आयु तक तीन हजार रुपये प्रतिमाह देने के साथ भरण-पोषण, उच्च व तकनीकी शिक्षा भी दिलाई जाएगी।
इससे पहले सीएम ने 11.39 करोड़ की चार योजनाएं जनता को समर्पित की। इसके अलावा सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा व वन विभाग से जुड़ी 97.67 करोड़ की 20 योजनाओं की आधारशिला रखी। कार्यक्रम की अध्यक्षता लालकुआं विधायक नवीन दुम्का ने की। कृषि व जिला प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल विशिष्ट अतिथि रहे।
सीएम ने कोरोना से जान गंवाने वाले पत्रकारों के बच्चे या उनके किसी स्वजन को योग्यता अनुसार आउटसोर्स अथवा उपनल के जरिये नौकरी देने की घोषणा की। इससे पहले श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश महामंत्री विश्वजीत सिंह नेगी, जिला महामंत्री भूपेंद्र रावत, महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा आदि ने सीएम को ज्ञापन सौंप दिवंगत पत्रकारों के स्वजनों को उपनल या पीआरडी के माध्यम से नौकरी देने की मांग की।












Click it and Unblock the Notifications