तीसरी कोरोना लहर से निपटने की तैयारियां, हरियाणा के इन इलाकों में बनेंगे 3 नए ऑक्सीजन प्लांट
भिवानी। हरियाणा के तोशाम, सिवानी और लोहारू में तीन नए आक्सीजन प्लांट बनेंगे। इस बारे में जानकारी देते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि,चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में आक्सीजन प्लांट तैयार हो रहा है और तोशाम सिवानी और लोहारू में नए प्लांट बनाने के लिए सरकार के पास प्रपोजल भेजा है। जैसे ही सरकार से हरी झंडी मिलती है इन जगहों पर भी प्लांट बनाए जाएंगे। यह सब इसलिए किया जा रहा है ताकि महामारी की तीसरी लहर आती है तो आक्सीजन की कमी न रहे। दूसरी लहर में आक्सीजन की कमी हो गई थी और आनन-फानन में सरकार को इसके लिए संसाधन जुटाने पड़े थे। इस बार सरकार जोखिम लेने के मूड में नहीं है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में एक हजार, एलपीएम (लीटर पर मिनट) का आक्सीजन प्लांट बनेगा। अस्पताल में गैस सप्लाई के लिए लाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा बिजली कट होने की स्थिति में दिक्कत न आए इसलिए यहां पर जनरेटर भी लगाया जाएगा। चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल के प्लांट को हाट लाइन से भी जोड़ा जाएगा। यहां से दूसरी जगहों के लिए आक्सीजन सिलेंडर भी भरे जा सकेंगे। तीन प्लांट और लगने के बाद नहीं रहेगी आक्सीजन की कमी तोशाम, सिवानी और लोहारू में आक्सीजन प्लांट लगने के बाद आक्सीजन की कमी नहीं रहेगी।
ये प्लांट चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में बन रहे प्लांट से अपेक्षाकृत छोटे होंगे। यहां पर भी बिजली कट होने की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर लगाए जाएंगे। ग्रामीण इलाकों के मरीजों को ये नए प्लांट लगने के बाद शहरों की तरफ नहीं भागना होगा।
चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में आक्सीजन प्लांट निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। महामारी की संभावित तीसरी लहर से बचाव के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
- डा. सपना गहलावत, सीएमओ, भिवानी ।
तोशाम, सिवानी और लोहारू में आक्सीजन प्लांट बनाने के लिए प्रपोजल भेजा गया है। चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में भी प्लांट तैयार हो रहा है। महामारी के इस दौर में स्वास्थ्य सुविधाओं की किसी प्रकार की कोई कमी न रहे इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
- जयवीर सिंह आर्य, उपायुक्त, भिवानी।












Click it and Unblock the Notifications