नैनीताल का ताकुला गांव एस्ट्रो विलेज के रूप में होगा विकसित, सरकार ने 2.46 करोड़ रुपए किए मंजूर
नैनीताल, जून 28। पर्यटन के लिहाज से उत्तराखंड का नैनीताल जिला बहुत ही खास है। ऐसे में राज्य सरकार यहां पर पर्यटन की और भी संभावनाओं को तलाश रही है। ऐसे में राज्य सरकार यहां पर कई तरह की विकास परियोजनाओं को शुरू करने जा रही है। इन्हीं में से एक है ताकुला गांव को एस्ट्रो विलेज के रूप में विकसित किया जाना। इसके लिए सरकार ने 2.46 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दे दी है।

इस रकम से गांव में होम स्टे बनाने के साथ ही ग्रामीणों को पर्यटन रोजगार से जोड़ा जाएगा। एस्ट्रो विलेज विकसित होने के बाद पर्यटक यहां पहुंचकर ब्रह्मांड के गूढ रहस्यों को भी जान पाएंगे।
ताकुला क्षेत्र का एतिहासिक महत्व है। स्वतंत्रता आंदोलन से पूर्व जब महात्मा गांधी कुमाऊं यात्रा पर आए थे तो दो बार वह ताकुला पहुंचे थे। इतना ही नहीं यहां मौजूद गांधी भवन की नींव भी उनके द्वारा ही रखी गई थी। जिस कारण लोग इसे गांधी ग्राम भी बोलते है। बीते वर्षो में एडीबी की ओर से करोड़ों की लागत से इस एतिहासिक भवन का जीर्णोद्धार किया गया है, मगर अब इस गांव को एक अलग पहचान भी मिलने जा रही है।
कुछ माह पूर्व पर्यटन विभाग की ओर से इसे एस्ट्रो विलेज के रूप में विकसित करने का प्रोजेक्ट तैयार किया था। विधायक संजीव आर्य ने बताया कि प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन के लिए सरकार ने 2.46 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दे दी है। जल्द प्रोजेक्ट पर कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
पूरे गांव को एस्ट्रो विलेज के रूप में विकसित करने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। अल्मोड़ा के पत्थरों और स्थानीय लकड़ी का प्रयोग कर गांव में पहाड़ी शैली पर आधारित होमस्टे बनेंगे। इससे स्थानीय हस्तशिल्प को भी प्रोत्साहन मिलेगा। गांव में अत्याधुनिक दूरबीन लगाकर पर्यटकों को ब्रह्मांड दर्शन कराया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications