हरियाणा सरकार की नई एजुकेशन पालिसी: स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ड्रापआउट बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ेगी
चंडीगढ़। नई एजुकेशन पॉलिसी के अनुसार प्रदेश के सभी बच्चों को राजकीय विद्यालयों में नामांकित कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेशभर में भी सात से 14 वर्ष के सभी आउट आफ स्कूल चिल्ड्रन व ड्रापआउट बच्चों को स्पेशल ट्रेनिंग सेंटरों में नामांकित कराया जाएगा, ताकि इन्हें ब्रिज कोर्स के माध्यम से अगले सत्र में मुख्य धारा से जोड़ा जा सके। इन बच्चों पर हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद 12 करोड़ 62 लाख 35 हजार 800 रुपये खर्च करेगा। जिला कुरुक्षेत्र में ऐसे 834 बच्चे है। जिन्हें ब्रिज कोर्स कराया जाएगा।

समग्र शिक्षा से सहायक परियोजना समन्वयक (एपीसी) एवं प्रोजेक्ट के नोडल अधिकारी संजय कौशिक ने बताया कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत बच्चों को दाखिले पूरे सत्र चलेंगे। शिक्षा विभाग की ओर से फरवरी-मार्च 2021 में ड्रापआउट व नान स्टार्टर बच्चों का सर्वे कराया गया था। इनमें पूरे प्रदेश से करीब 29 हजार बच्चों की पहचान की गई थी। इनमें अधिकतर बच्चे स्लम एरिया के हैं। दूसरी जगह से यहां आकर काम करने वालों के बच्चे शामिल हैं। इसलिए इनकी संख्या घटती-बढ़ती रहती है। पूरे प्रदेश में 29,097 बच्चों के लिए 1,164 ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे। प्रत्येक ट्रेनिंग सेंटर पर एक लाख आठ हजार 450 रुपये खर्च किए जाएंगे।
यह दी जाएगी सुविधाएं
केंद्रों में विद्यार्थियों को भोजन, मुफ्त कदम किट, आवश्यक पाठ्य सामग्री, यूनिफार्म, स्कूल बैग, मास्क व सैनिटाइजर की सुविधा दी जाएगी। सेंटरों पर सरकारी स्कूलों के अन्य विद्यार्थियों की तरह सुविधाएं विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रदेश के सभी जिलों के ड्रापआउट बच्चों, सेंटर व राशि पर एक नजर
जिला बच्चे सेंटर राशि
अंबाला 1267 50 5422500
भिवानी 199 08 867600
चरखीदादरी 47 02 216900
फरीदाबाद 1038 42 4554900
फतेहाबाद 650 26 2819700
गुरुग्राम 3406 136 14749200
हिसार 461 19 2060550
झज्जर 311 13 1409850
जींद 379 15 1626750
कैथल 342 14 1518300
करनाल 1026 41 4446450
कुरुक्षेत्र 841 34 3687300
महेंद्रगढ़ 0 0 0
मेवात 8671 345 37415250
पलवल 2892 116 12580200
पंचकूला 1728 69 7483050
पानीपत 1652 66 7157700
रेवाड़ी 311 13 1409850
रोहतक 154 06 650700
सिरसा 1649 66 7157700
सोनीपत 1273 51 5530950
यमुनानगर 800 32 3470400
कुल 29097 1164 12,62,35,800
राज्य परियोजना निदेशालय पंचकूला से विशेष प्रशिक्षण केंद्र चलाने के लिए आदेश जारी हुए हैं। 25 ड्रॉप आउट व आउट ऑफ स्कूल चिल्ड्रन पर एक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाना है। इन केंद्रों के माध्यम से ब्रिज कोर्स कराया जाएगा। इससे इन्हें मुख्य धारा के साथ जोड़ा जाएगा। विशेष प्रशिक्षण केंद्र एनजीओ ह्युमाना की सहायता से चलाए जाएंगे।
- विनोद कौशिक, डीपीसी, कुरुक्षेत्र।












Click it and Unblock the Notifications