डिप्टी CM बोले- कुछ नेताओं के कहने से धीमा पड़ा वैक्सीनेशन, नियम टूटने से गांवों में फैला कोरोना
चंडीगढ़। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का कहना है कि, प्रदेश में कुछ नेताओं के कहने से वैक्सीनेशन धीमा पड़ा और नियम टूटने से गांवों में कोरोना फैला। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, इस सबके बावजूद कोरोना की दूसरी लहर को नियंत्रित करने में हरियाणा सबसे ज्यादा कोरोना रिकवरी व टेस्ट बढ़ाने वाले राज्यों में शामिल है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, कुछ तथाकथित नेताओं द्वारा ये कहना कि कोई वैक्सीनेशन न करवाएं और लॉकडाउन की पालना न करें, इसके कारण गांवों में कोरोना ज्यादा फैला। संकट के दौर में हमारा मेडिकल स्टाफ अच्छा कार्य कर रहा है, जिसके कारण पिछले एक सप्ताह में कोरोना के मामलों में निरंतर सुधार हो रहा है। लॉकडाउन के दौरान प्रदेश में करीब 70 प्रतिशत से ज्यादा उद्योग चल रहे है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र के आदेश पर कई उद्योग बंद किए और कई उद्योग लॉकडाउन में मार्केट डिमांड सीमित होने के कारण बंद हुए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन में 27 प्रतिशत डीजल और 30 प्रतिशत पेट्रोल की सेल में गिरावट आई है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एल-1 तथा एल-13 की उचित ढंग से मॉनिटरिंग की जा रही है। बॉर्डर पर भी सख्ती की गई है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इस आबकारी वर्ष के दौरान जितने दिन लॉकडाउन रहेगा, उतने दिन इस आबकारी वर्ष में आगे जोड़ दिए जाएंगे।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार और आंदोलनरत किसान नेताओं के बीच बातचीत करवाने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वरिष्ठ मंत्रियों की कमेटी बनाकर बातचीत करने का आग्रह किया था। केंद्र सरकार ने कई बार 40 किसान नेताओं को चर्चा के लिए संदेश भेजा, लेकिन हजारों किसानों को अलग-अलग जगहों पर धरने पर बैठाने वाले किसान नेता 26 जनवरी से लेकर अब तक चर्चा के लिए आगे नहीं आए।












Click it and Unblock the Notifications