हरियाणा के CM बोले- लोगों को रोजाना लगाए जा रहे हैं 60 से 70 हजार टीके, अस्पतालों में बढ़ा रहे बच्चों के वार्ड
चंडीगढ़। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि, प्रदेश में रोजाना लोगों को वैक्सीन के 60 से 70 हजार टीके लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, हम पूरी तरह से अलर्ट हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बच्चों के वार्ड बढ़ाए जाने के लिए कार्य किया जा रहा है। ब्लैक फंगस, सांस की बीमारी, फेफड़ों की बीमारी आदि अन्य पोस्ट कोविड इफेक्ट के दृष्टिगत भी हम पूरी तरह से तैयार हैं।
जिस प्रकार तीसरी लहर की आशंका जताते हुए कुछ लोगों द्वारा कहा जा रहा है कि उसमें बच्चों पर ज्यादा असर होगा, उसके दृष्टिगत हरियाणा सरकार पूरी तरह से अलर्ट है। इसके लिए बच्चों के वार्ड और जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सीएचसी में व्यवस्थाएं बढ़ाई जा रही हैं साथ ही डाॅक्टरों की भी व्यवस्था करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

सीएम ने कहा कि विपक्षी दल इस संकट काल में भी राजनीति चमकाने का काम कर रहे हैं। यदि विपक्षी दल इस महामारी को हराने में सकारात्मक सहयोग के लिए आगे आते हैं तो उनका खुले मन से स्वागत है। यह समय साथ मिलकर महामारी से लड़ने का है ना कि राजनीति चमकाने का।
सीएम ने आंदोलनरत किसानों से कहा कि यह समय साथ मिलकर लड़ने का है न कि केवल राजनीतिक कारण से विरोध करने का। उन्होंने किसान नेताओं से आंदोलन खत्म करने की अपील करते हुए वेक्सीनेशन और टेस्टिंग के लिए आह्वान करने को भी कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अविश्वास करना ठीक नहीं है। हर बात में राजनीति नहीं करनी चाहिए। हम मानकर चलते हैं कि हिंसा ना हो और वातावरण न बिगड़े। आंदोलन तो महामारी के समाप्त होने के बाद फिर भी किया जा सकता है। टीकाकरण अभियान के तहत प्रतिदिन 60 से 70 हजार टीके लगाए जा रहे हैं। लॉकडाउन का पालन नहीं करने वाले केवल राजनीति कर रहे हैं। लॉकडाउन जनता के हित में ही लगाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications