हरियाणा के सभी जिलों में एमएसएमई कलस्टर स्थापित कराएगी सरकार: डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार प्रदेश के सभी जिलों में एमएसएमई कलस्टर स्थापित कराएगी। यह ऐलान हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत सिंह चौटाला ने किया। चौटाला ने कहा कि, एमएसएमई निदेशालय के जरिये इनकी स्थापना होगी। केंद्र सरकार ने इस बार एमएसएमई के बजट में दोगुणा बढ़ोतरी की है। इसका फायदा हरियाणा के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को भी मिलेगा। आम बजट पेश होने के बाद सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में दुष्यंत ने कहा कि, देश में कपड़ा उद्योग के उत्पादन और निर्यात के लिए सात मेगा टेक्सटाइल पार्क बनाए जाने के फैसले से राज्य में टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा। कपड़ा उद्योग को और बढ़ावा मिलेगा। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

हरियाणा के सहकारिता एवं अनुसूचित जाति तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने आज केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा लोकसभा में वर्ष 2021-22 के लिए प्रस्तुत किए गए बजट को एक संतुलित एवं आर्थिक सुधारों का बजट बताया। उन्होंने बताया कि यह बजट आपदा में अवसर की तरह है और हर वर्ग का ध्यान रखते हुए इस बजट को प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के नेतृत्व में आर्थिक विकास के तहत यह बजट भारत के नागरिकों के कौशल को बढ़ावा देने के लिए है और समृद्धि के लिए बहुगुणक साबित होगा।
हरियाणा के बिजली मंत्री श्री रणजीत सिंह ने आज केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा लोकसभा में वर्ष 2021-22 के लिए प्रस्तुत किए गए बजट को एक संतुलित एवं नए दशक का पहला बजट बताया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विद्युत के क्षेत्र में कई सुधार और उपलब्धियां देखने में आई हैं। आने वाले समय में बिजली उपभोक्ताओं को सहुलियत प्रदान करते हुए एक ऐसा फे्रमवर्क तैयार करने के लिए इस बजट में घोषणा की गई है, जिससे बिजली उपभोक्ता एक से अधिक संवितरण कंपनियों में से अपना चुनाव करने का विकल्प रख सकेंगे।
इसके अलावा, आने वाले 5 सालों में 3,05,984 करोड़ रूपए के परिव्यय से एक परिष्कृत व सुधार आधारित तथा परिणाम संबंध विद्युत वितरण क्षेत्र की योजना भी शुरू करने की बात इस बजट में प्रस्तुत की गई है। इस योजना से डिस्कॉम्स को बुनियादी संरचनाओं को तैयार करने में सहायता मिल सकेगी। ऐसे ही, बजट में अब 2021-2022 में एक हाइड्रोजन एनर्जी मिशन शुरू करने का प्रस्ताव भी किया गया है जिसके तहत ग्रीन पावर स्रोतों से हाइड्रोजन को पैदा किया जा सकेगा।
हरियाणा: जहरीली शराब से मौत मामले की जांच रिपोर्ट SIT ने गृह विभाग को सौंपी
उन्होंने बताया कि भारत में सौर ऊर्जा की अपार संभावना हैं और घरेलू क्षमता तैयार करने के लिए, सोलर सेल और सोलर पैनलों के लिए चरणबद्ध तरीके से विनिर्माण योजना को अधिसूचित करने का भी प्रावधान इस बजट में किया गया है ताकि ऊर्जा की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।
हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री सरदार संदीप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के बजट में यथार्थ का एहसास भी है और विकास का विश्वास भी निहित है। केन्द्र सरकार का बजट भारत के आत्म विश्वास को उजागर करने वाला है। इस बजट में आम नागरिकों ,विशेषकर महिलाओं के जीवन को आसान करने के लिए उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, शुद्घ जल और अवसरों की समानता पर विशेष बल दिया गया है।

हरियाणा के कृषि मंत्री श्री जयप्रकाश दलाल ने केंद्रीय बजट का स्वागत करते हुए कहा है कि यह बजट ग्रामीणों और किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। श्री दलाल आज यहां अपने आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी किसानों की आय दोगुनी करने के अपने संकल्प को साकार करने के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्तमंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने बजट प्रस्तुत करते हुए एमएसपी का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है। उन्होने कहा कि अब किसानों को यह कहकर बरगलाया नहीं जा सकेगा कि एमएसपी खत्म किया जा रहा है।
कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट में 1000 नई ई-मंडियां स्थापित किये जाने की घोषणा की गई है। किसानों के बीच विपक्षी दल मंडियां समाप्त किये जाने का भ्रम फैला रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के मुकाबले गेहूं, धान, दलहन और कपास आदि की खरीद के आंकड़ों को प्रस्तुत कर केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने अफवाह और भ्रम फैलाने वालों को आइना दिखाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में ग्राम विकास और स्वास्थ्य के लिए निर्धारित बजट इस बात को स्पष्ट करता है कि सरकार ग्रामीणों और किसानों के विकास और आमदनी बढ़ाने के लिए कितनी सजग है। किसानों के लिए हित की अनेक योजनाएं बनाई गई हैं। 100 नए सैनिक स्कूल खोलने की घोषणा भी ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।












Click it and Unblock the Notifications