हरियाणा: जहरीली शराब से मौत मामले की जांच रिपोर्ट SIT ने गृह विभाग को सौंपी
पानीपत। हरियाणा में जहरीली शराब से लोगों की मृत्यु होने के मामले में एसआईटी ने गृह विभाग को जांच रिपोर्ट सौंपी है। यह एसआईटी गृह मंत्री अनिल विज के आदेश पर गठित की गई थी। एडीजीपी श्रीकांत जाधव की अध्यक्षता में गठित की गई एसआईटी की रिपोर्ट में शराबी-धंधे को लेकर खुलासा किया गया है। इसके मुताबिक, हरियाणा से दूसरे राज्यों में अवैध तरीके से शराब की तस्करी हो रही है। इससे राज्य सरकार को अरबों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। इतना ही नहीं, अवैध शराब तस्करी को रोकने के लिए भी सख्ती से काम नहीं हो रहा। रिपोर्ट में कहा गया है कि, जहरीली शराब से लोगों की मौतें भी काफी हो रही हैं।

एसआईटी की रिपोर्ट में बताया गया है कि, प्रदेश के सोनीपत, पानीपत व फरीदाबाद जिलाें में अक्तूबर-नवंबर में जहरीली शराब से लोग मरे। जांच-पड़ताल में सामने आया कि, स्थानीय स्तर पर ही कुछ लोगों द्वारा लालच में घटिया शराब बनाई गई, जो जहरीली साबित हुई और उससे लोगों की जान गई।' बता दिया जाए कि, श्रीकांत जाधव की अध्यक्षता में 8 नवंबर, 2020 को बनाई गई इस एसआईटी में 5 और आईपीएस अधिकारी शामिल थे। सरकार द्वारा एसआईटी को 15 दिनों में रिपोर्ट देने को कहा गया था, लेकिन बाद में इसका समय बढ़ा दिया गया। बहरहाल, बीते कल एसआईटी ने राज्य के गृह सचिव राजीव अरोड़ा को अपनी रिपोर्ट सौंपी। संभावना जताई गई कि, अरोड़ा यह रिपोर्ट गृह मंत्री अनिल विज के समक्ष पेश करेंगे।

गौरतलब है कि, लॉकडाउन के दौरान अवैध तरीके से शराब बिक्री पर सरकार के बड़े नेताओं के बीच ही खूब जिरह हो चुकी है। तब डिप्टी सीएम दुष्यंत सिंह चौटाला और गृह मंत्री अनिल विज आमने-सामने आ गए थे। सरकार द्वारा शराब बिक्री छूट दिए जाने की वजह से महिलाओं ने आलोचना भी की थी।












Click it and Unblock the Notifications