दिल्ली सरकार की बड़ी योजना, 2024 तक हर घर को मिलेगा 24 घंटे पानी
दिल्ली सरकार के एक अधिकारी के मुताबिक, ‘पूरे परियोजना क्षेत्र को तीन हिस्सों में विभाजित किया गया है, जिसमें पूर्व और उत्तरपूर्व मंडल, दक्षिण और दक्षिणपश्चिम मंडल और पश्चिम व उत्तरपश्चिम मंडल है।’
नई दिल्ली, 6 सितंबर: राजधानी दिल्ली में 2024 तक प्रत्येक घर में चौबीसों घंटे पानी की आपूर्ति करने की सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत राष्ट्रीय राजधानी को तीन मंडलों में विभाजित किया गया है। दिल्ली सरकार के एक अधिकारी के मुताबिक, 'पूरे परियोजना क्षेत्र को तीन हिस्सों में विभाजित किया गया है, जिसमें पूर्व और उत्तरपूर्व मंडल, दक्षिण और दक्षिणपश्चिम मंडल और पश्चिम व उत्तरपश्चिम मंडल है।'

इस परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजधानी की 77 प्रतिशत आबादी को पानी की आपूर्ति की जाएगी, जबकि मालवीय नगर, वसंत विहार और नांगलोई इलाकों में चौबीसों घंटे पानी की आपूर्ति के लिए तीन प्रायोगिक परियोजनाओं के तहत 12 प्रतिशत आबादी को पानी की आपूर्ति की जाती है।
जानें क्या है प्लानिंग
एक अधिकारी ने बताया कि वजीराबाद और चंद्रावल जल शोधन संयंत्रों के कमांड इलाकों में चलायी जा रही चौबीसों घंटे पानी आपूर्ति परियोजनाओं के तहत करीब 11 प्रतिशत आबादी आएगी, जबकि प्रत्येक जोन के लिए एक ठेकेदार नियुक्त किया जाएगा और उसे संबंधित इलाका सौंपने के पांच वर्षों के भीतर आवश्यक ढांचा निर्मित करने के लिए पुनर्वास और निर्माण कार्य पूरा करना होगा। इसके बाद ठेकेदार 15 वर्षों तक अपने इलाके में पानी आपूर्ति और सीवेज प्रणाली का प्रबंधन करेगा।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली जल बोर्ड ने ठेकेदारों के चयन के लिए निविदा दस्तावेज तैयार करने के वास्ते एक परामर्शक नियुक्त कर दिया है। दिल्ली जल बोर्ड जल शोधन संयंत्रों तथा सीवेज शोधन संयंत्रों और प्राथमिक भूमिगत जलाशयों के संचालन और रखरखाव के लिए जिम्मेदार होगा। पानी की चौबीसों घंटे आपूर्ति के क्रियान्वयन के साथ ही सरकार का लक्ष्य गैर राजस्व जल (एनआरडब्ल्यू) को चरणबद्ध तरीके से कम करके 15 प्रतिशत तक लाना है। एनआरडब्ल्यू का मतलब उपभोक्ता तक पहुंचने से पहले लीक या चोरी हुआ पानी है।












Click it and Unblock the Notifications