छत्तीसगढ़ः नारायणपुर में फूलझाड़ू निर्माण बना 300 महिलाओं के लिए आजीविका का साधन
नारायणपुर। इंसान में अगर हिम्मत और कुछ नया कर गुजरने का जज्बा हो तो कोई भी राह मुश्किल नहीं होती और अगर कार्य को संगठित रूप से किया जाए तो राह और भी आसान हो जाती है। ऐसा ही कार्य नक्सल प्रभावित एवं घने जंगलों के बीच बसे नारायणपुर जिले की जगदम्बा महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं ने कर दिखाया है।

बातचीत के दौरान जगदंबा महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष बुधयारिन देवांगन ने बताया कि नारायणपुर जिले के ओरछा ब्लाक में फूलझाड़ू प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। ओरछा ब्लाक की स्व सहायता समूह की 70 महिलाओं द्वारा फूलझाड़ू संग्रहण किया जाता है। फूलझाड़ू प्रसंस्करण का कार्य छोटेडोंगर एवं नारायणपुर के 20 महिला स्व सहायता समूह के 200 सदस्यों द्वारा किया जाता है। फूलझाड़ू प्रसंस्करण में कुल 300 महिलाओं के लिए आजीविका का साधन बन गया है।
समूह की महिलाओं द्वारा बाजार में मांग के अनुसार विभिन्ना प्रकार के फूलझाड़ू का निर्माण किया जाता है। इससे समूह की महिलाओं को निरंतर प्रसंस्करण कार्य के साथ-साथ अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो रहा है। उनके द्वारा तैयार की गयी माड के फूलझाडू से छत्तीसगढ़ के अलावा 45 हजार फूलझाडू देश की राजधानी दिल्ली भेजा गया है। माड़ की झाड़ू का योगदान देश की राजधानी दिल्ली को भी चकाचक करने में हो रहा है। नारायणपुर फूलझाड़ू प्रसंस्करण केंद्र में कार्य कर रही महिला स्व सहायता समूह के 34 सदस्यों ने एक लाख 29 हजार 708 फूलझाड़ू का निर्माण किया गया है, जिसमें से 42 हजार 650 फूलझाड़ू का विक्रय किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications