दिल्ली सरकार ने केंद्र को लिखा खत, जुलाई महीने में मुहैया कराई जाए वैक्सीन की करीब 45 लाख डोज
नई दिल्ली, जून 28। कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए दिल्ली सरकार सभी तैयारियां पूरी करने में जुटी हुई है। कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन, अस्पतालों में बेड और साथ में वैक्सीन की भारी कमी देखने को मिली थी। ऐसे में अब केजरीवाल सरकार टीकाकरण को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वैक्सीन की पर्याप्त डोज उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार को एक खत लिखा है। इस खत में दिल्ली सरकार ने डेढ़ लाख प्रति दिन के हिसाब से दिल्ली को जुलाई में कम से कम 45 लाख वैक्सीन की डोज की मांग की है।

दिल्ली सरकार ने कहा है कि टीकाकरण की रफ्तार बढ़ती जाती है तो 45 लाख से भी ज्यादा डोज की जरूरत होगी। सरकार ने कहा है कि हमारा प्रयास है कि हम जल्द 70 फ़ीसद टीकाकरण के आंकड़े को छूकर दिल्ली में हर्ड इम्यूनिटी ला सकें।
दिल्ली में 25 फीसदी से अधिक युवाओं को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। 45 वर्ष से अधिक उम्र की श्रेणी में शामिल 50 फीसद आबादी को पहले ही वैक्सीन लगाई जा चुकी है। दिल्ली में अभी तक 73,29,652 लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं। जिसमें से 56 लाख से ज्यादा लोगों को पहली और 17 लाख से ज्यादा लोगों को दोनों डोज लग चुकी हैं।
रविवार को आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और विधायक आतिशी कहा कि दिल्ली में कुल 7.06 लाख वैक्सीन की डोज अभी उपलब्ध हैं। इसमें से 5.40 लाख कोविशील्ड और डेढ़ लाख से भी ज्यादा कोवैक्सीन की डोज उपलब्ध हैं। दिल्ली में रोजाना दो लाख वैक्सीन लगाने की रफ्तार से अब तीन दिन का स्टॉक उपलब्ध है।












Click it and Unblock the Notifications