Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Manipur Crisis: तबाही की तह में अवैध घुसपैठ, ड्रग्स और हथियारों के सौदागर

Manipur Crisis: पूर्वोत्तर के खूबसूरत पहाड़ी राज्यों में शुमार मणिपुर इन दिनों जल रहा है। पहाड़ और मैदान के बीच छिड़ी जातीय जंग में डेढ़ सौ से अधिक जिंदगियां समाप्त हो चुकी हैं। केंद्र की सरकार ने मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके की अगुवाई में शांति कमेटी का गठन और फिर गृह मंत्री अमित शाह की अगुवाई में सर्वदलीय बैठक कर अमन चैन कायम करने की कोशिश की है। राज्य में शीघ्र शांति बहाली के लिए कमोबेश सभी राजनीतिक दल समस्या का हल राजनीतिक तरीके से ही निकलने की बात कह रहे हैं लेकिन अंदरखाने अपनी-अपनी राजनीति कर रहे हैं।

मोटे तौर पर हिंसा के लिए इतिहासवाद, राष्ट्रवाद, संप्रदायवाद, जातिवाद, उग्रवाद, मेइती समाज को एसटी के तहत आरक्षण, भू-कानून में परिवर्तन, संरक्षित वन में भूमि सर्वेक्षण और यहां तक की पूर्वोत्तर के बारूद पर हिंदुत्व की माचिस आदि का नारा बुलंद किया जा रहा है, पर असली कारण हथियार, घुसपैठ और मादक द्रव्यों की तस्करी पर से ध्यान भटकाया जा रहा है। दरअसल मणिपुर में हो रही हिंसा के पीछे धड़ल्ले से हो रही अफीम की खेती, अवैध हथियार और घुसपैठिए प्रमुख कारण रहे हैं।

cultivation of opium, illegal weapons and infiltrators reasons behind the Manipur violence

लगभग 140 करोड़ की आबादी वाले भारत देश में लाइसेंसी हथियारों की संख्या 36 लाख से कुछ अधिक की है, लेकिन कुल मिलाकर 28 लाख की आबादी वाले मणिपुर में 30 हजार लाइसेंसी हथियार हैं। यानी हर 93 आदमी में से एक के पास लाइसेंसी हथियार है। इसके अलावा यहां के विभिन्न समूहों के पास भारी तादाद में नाजायज हथियारों का जखीरा उपलब्ध है। पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में लाइसेंसी हथियारों की संख्या देखें तो असम में 19,617, मेघालय में 20,000, मिजोरम में 16,000, सिक्किम में 2,500 और त्रिपुरा में करीब 400 लाइसेंसी हथियार हैं।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में हर साल लगभग 80 हजार से एक लाख तक अवैध हथियारों की बरामदगी होती रहती है। अवैध हथियारों से ही देश में 98% अपराध होते हैं। प्रमाण मिले हैं कि मणिपुर में हालिया मारकाट अवैध हथियारों से ही हुई है। खुफिया एजेंसियां पहले से जानती हैं कि मणिपुर के अधिकतर उग्रवादी समूहों के पास राज्य पुलिस से अच्छे हथियार हैं, पर कभी अवैध हथियारों के खिलाफ मुहिम नहीं चली। केंद्रीय गृह मंत्री ने अपने राज्य के दौरे के दौरान लोगों से हथियार जमा करने की अपील की थी तो कुल जमा 140 लोग हथियार सरेंडर करने के लिए आगे आए। इनमें एके47, इंसास राइफल, लाइट मशीन गन, पिस्तौल, एम16 राइफल, आंसू गैस के गोले से लेकर ग्रेनेड तक शामिल थे। मालूम हो कि हिंसा भड़कने के बाद 20 पुलिस स्टेशनों को जलाने के साथ दो चरणों में पुलिस के हथियार लूट लिए गए। पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी के अनुसार 3 मई को 1600 तथा 27 और 28 मई को 2557 हथियार लूटे गए।

जहां तक मणिपुर में घुसपैठियों का सवाल है तो इसकी शुरुआत ब्रिटिश काल में ही हुई थी। अंग्रेजों ने स्वभाव से शिकारी, युद्ध कला में निपुण और हेड हंटर्स नागाओं तक अपनी पैठ बनाने के लिए सीमा पार से लड़ाकू कौम 'न्यू कुकी' समुदाय के लोगों को यहां बसाना शुरू किया। अंग्रेज इनका इस्तेमाल नागा क्षेत्रों में छापा मारने और वसूली करने के लिए करते थे। धीरे-धीरे वे यहां की जमीन पर बसते गए, फैलते गए। इनका इतिहास काफी रक्तरंजित रहा है। दिसंबर 1892 की घटना मणिपुर के इतिहास में दर्ज है, जब न्यू कुकियों ने मणिपुर नागालैंड बॉर्डर पर स्थित नागा गांव चिंगजराई में भयानक नरसंहार किया था। मणिपुर में घुसपैठ की समस्या को इन आंकड़ों के जरिए समझा जा सकता है। 1969 के बाद पहाड़ी क्षेत्रों में गांव की संख्या 64% तक बढ़ी है। जैसे पहले कुकी नगा बहुल क्षेत्रों में 1370 गांव थे, जो 2021 में बढ़कर 2244 हो गए हैं। म्यांमार से सटे जिला चुराचांदपुर की बात करें तो यहां 1969 में 282 गांव थे जो 2022 में 544 हो गए हैं। मणिपुर से म्यांमार के बीच करीब 390 किलोमीटर अंतरराष्ट्रीय सीमा लगी हुई है। खुफिया जानकारी के मुताबिक ज्यादातर घुसपैठ म्यांमार बॉर्डर से हो रही है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक भारी मात्रा में हथियारों के साथ घुसपैठ करके आए तमाम विद्रोही संगठनों की नजर राज्य में होने वाली अफीम की खेती पर है। वर्ष 2016 से ही मणिपुर में संरक्षित वन क्षेत्र की सफाई शुरु हो गयी ताकि वहां भी अफीम की खेती की जा सके। इससे जनजातीय किसानों की आय तो बढ़ी, पर नशे के सौदागरों की भी चांदी हो गई है। नशे के कारोबार से हो रही कमाई के कारण आज उनके पास जमीनें हैं, देश विदेश के विद्रोही संगठनों और नशे के सौदागरों से मेलजोल है, अच्छा पैसा है, आधुनिक हथियार है, राजनीति में दखल और पावर सहित सब कुछ है।

वर्ष 1992-93 में हुए नागा-कुकी संघर्ष के बाद कुकी लोगों ने अलग कुकीलैंड बनाने की मांग भी की थी। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक सिर्फ अफीम की तस्करी से हर महीने दो हजार करोड़ से ज्यादा की कमाई हो रही है, जो भारत के कई छोटे राज्यों के सालाना बजट से भी ज्यादा है। अफीम के मामले में मणिपुर पड़ोसी देश म्यांमार के रास्ते पर है। पिछले कुछ वर्षों तक म्यांमार दुनिया की 80 फीसदी अफीम से बनी हीरोइन का उत्पादन करता था। उत्पादन के बाद हीरोइन की तस्करी लाओस, वियतनाम, थाईलैंड और भारत के रास्ते अमेरिका, ब्रिटेन और चीन में की जाती रही है।

म्यांमार में सिविल वार के बाद हालात बदल गए हैं। इसलिए नशे के कारोबारियों की नजर मणिपुर की विशाल जनजातीय भूमि पर है। इस काम में विभिन्न राजनीतिक दलों की शह पाकर विद्रोही संगठन भी अपना उल्लू सीधा कर रहे हैं। हालांकि मामले की गंभीरता को भांपते हुए सरकार अफीम की खेती पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठा रही है। इसके सकारात्मक परिणाम भी दिख रहे हैं। सरकारी आंकड़े के मुताबिक वर्ष 2017-18 में जहां 13,121 एकड़ भूखंड पर मणिपुर में अफीम की खेती हुआ करती थी, वहीं वर्ष 2022 में सरकारी अभियान के बाद अफीम की खेती का रकबा घटकर 2,340 एकड़ तक आ गया है।

ऐसे में मणिपुर में जारी जातीय हिंसा के पीछे हथियार, घुसपैठ और ड्रग्स की तस्करी की तिकड़ी की भी अहम भूमिका है। अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे होने के कारण जांच एजेंसियों को और अधिक चौकन्ना होते हुए इस सिंडिकेट को काबू करना होगा, तभी मणिपुर में शांति संभव होगी।

(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+