'खान सर सिर्फ नौटंकी कर रहे' फायरिंग विवाद के बीच पटना के इस मशहूर टीचर ने खोली पोल, गिरफ्तारी की कर दी मांग
Khan Sir vs Guru Rahman: पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर (Khan Sir) के कोचिंग संस्थान के बाहर हुए हंगामे और कथित फायरिंग मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में जहां पुलिस जांच में जुटी है, वहीं विभिन्न कोचिंग संस्थानों के संचालकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है।
इसी बीच शिक्षक गुरु रहमान (Guru Rehman) ने खान सर पर सीधे निशाना साधते हुए कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने न केवल घटना पर सवाल खड़े किए बल्कि खान सर की गिरफ्तारी की भी मांग कर दी। दूसरी ओर, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद ने भी पूरे मामले को साजिश बताते हुए खुद को निर्दोष बताया है। पुलिस फिलहाल सभी पक्षों के बयानों और सबूतों की जांच कर रही है।

रहमान सर ने खान सर को घेरा
गुरु रहमान ने कहा कि यह विवाद कोई नया नहीं है बल्कि काफी समय से चला आ रहा है। उनके अनुसार अगर संबंधित लोग अपनी हरकतों में बदलाव नहीं लाएंगे तो ऐसे विवाद आगे भी सामने आते रहेंगे। उन्होंने कहा, "खान सर नौटंकी कर रहे हैं। मैं बिहार के डीजीपी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अनुरोध करता हूं कि जिस तरह रोशन आनंद की गिरफ्तारी हुई है, उसी तरह खान सर की भी गिरफ्तारी होनी चाहिए। एक जगह पर 5000 लड़कों का जमावड़ा लगा हुआ है। अगर वहां भगदड़ मच जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?"
ये भी पढ़ें: 'हम दलाली का नहीं खाते हैं', अंजना ओम कश्यप के कमेंट पर फूटा खान सर का गुस्सा, वायरल वीडियो ने मचाया तहलका
भीड़ को लेकर उठाए सवाल
रहमान सर ने कोचिंग संस्थान के बाहर बड़ी संख्या में छात्रों के जुटने पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि एक जगह हजारों छात्रों की भीड़ लगी हुई है। अगर किसी कारण से वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन जाए तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उनका कहना था कि प्रशासन को इस पहलू पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए ताकि किसी बड़ी घटना से बचा जा सके।
फायरिंग के दावे पर जताया संदेह
रहमान सर ने घटना में गोली चलने के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मारपीट की घटना जरूर हुई होगी, लेकिन गोली चलने जैसी बात सही नहीं लगती। उन्होंने दावा किया कि बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का परिणाम आने के बाद खान सर और ज्ञान बिंदु दोनों संस्थानों के बीच छात्रों को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ गई थी। इसी वजह से तनाव की स्थिति बनी। रहमान सर ने आरोप लगाया कि जब कुछ दावों पर सवाल उठे तो गोली चलने जैसी बात सामने लाई गई।
क्या है पूरा मामला?
मंगलवार को पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हंगामे और कथित फायरिंग की सूचना मिली थी। घटना में संस्थान का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पटना के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
खान सर ने लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद खान सर ने दावा किया कि कुछ लोगों ने कोचिंग कार्यालय में तोड़फोड़ की और उसके बाद फायरिंग की। उन्होंने कहा कि संस्थान के पास मौजूद सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं। खान सर का आरोप है कि हमलावर पास के एक कोचिंग संस्थान से जुड़े लोग थे। उनका कहना है कि सुरक्षा गार्ड ने भी कुछ लोगों की पहचान की है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। हालांकि बाद में खान सर फायरिंग वाले बयान से पलट गए। साथ ही उनके द्वारा की गई FIR में भी गोलीबारी का जिक्र नहीं था।
रौशन आनंद ने बताया साजिश
उधर, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को पुलिस ने हिरासत में लिया और बाद में कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया गया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में रौशन आनंद ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें फंसाने और ज्ञान बिंदु कोचिंग की छवि खराब करने के लिए पूरी योजना बनाई गई है।
रौशन आनंद ने कहा कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम को लेकर पैदा हुए विवाद के कारण यह पूरा मामला खड़ा किया गया है। उन्होंने दावा किया कि घटना वाली रात कोई गोली नहीं चली थी, लेकिन उनके संस्थान का नाम लेकर फायरिंग का आरोप लगाया गया।
पुलिस क्या कह रही है?
पटना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। घायल सुरक्षा गार्ड का बयान दर्ज किया जा रहा है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज समेत सभी उपलब्ध सबूतों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।












Click it and Unblock the Notifications