Punjab Chunav: 6 साल बाद NDA में अकाली दल, BJP के साथ लड़ेगा चुनाव,अमित शाह ने पंजाब के लिए क्या किए ऐलान?

पंजाब की राजनीति में छह साल बाद बड़ा उलटफेर हुआ है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने 2027 के विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का फैसला किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली में इसकी औपचारिक घोषणा की। इसके साथ ही अकाली दल की एनडीए में वापसी हो गई है।

दोनों दलों का गठबंधन सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के विरोध के बाद टूट गया था। अब वापसी के मौके पर अमित शाह ने सिर्फ गठबंधन की बात नहीं की, बल्कि पंजाब के किसानों, युवाओं, रोजगार, अर्थव्यवस्था और नशे के मुद्दे पर भी अपनी पार्टी का रोडमैप सामने रखा।

punjab election 2027 BJP and Shiromani Akali Dal SAD alliance Amit shah Press conference

अकाली दल की NDA में वापसी, 2027 का चुनाव साथ लड़ेंगे

दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में अमित शाह ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। शाह ने बताया कि दोनों दलों के नेताओं की बैठक में पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने पर सहमति बनी है। अब अकाली दल एनडीए के आधिकारिक सहयोगी के तौर पर काम करेगा।

शाह ने कहा कि गुरु पर्व के मौके पर एनडीए के सबसे पुराने सहयोगी की वापसी खुशी की बात है। उन्होंने अकाली दल और सुखबीर सिंह बादल का गठबंधन में स्वागत किया। शाह के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोमवार को सुखबीर बादल से फोन पर बात की थी। प्रधानमंत्री ने इस वापसी पर खुशी जताई और कहा कि बादल साहब की पार्टी के साथ आने से एनडीए पूरा होता है।

अमित शाह की प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें?

हिंदू-सिख भाईचारे का दिया संदेश

अमित शाह ने बीजेपी और अकाली दल के रिश्ते को पंजाब की राजनीति से आगे का जुड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच पुराना रिश्ता रहा है। साथ मिलकर कई चुनाव लड़े हैं। इस दौरान जीत और हार दोनों देखी, लेकिन आपसी संबंध कमजोर नहीं हुए।

शाह ने गठबंधन को हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बताया। उनका कहना था कि दोनों पार्टियों का यह साथ पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया में आपसी सौहार्द का संदेश देगा। उन्होंने कहा कि दोनों दल आगे भी इसी भावना के साथ मिलकर काम करेंगे।

किसानों और युवाओं के लिए तैयार हुआ रोडमैप

अमित शाह ने बताया कि पिछले तीन महीनों में नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल के बीच पंजाब के मुद्दों पर कई दौर की बातचीत हुई। इसमें किसानों की चुनौतियों, राज्य की आर्थिक तरक्की और युवाओं के रोजगार पर चर्चा की गई। इन बैठकों के बाद एक रोडमैप तैयार किया गया है।

अमित शाह ने कहा कि पंजाब में एनडीए की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ यह रोडमैप काम करेगा। उन्होंने संकेत दिया कि बीजेपी और अकाली दल चुनाव के लिए साझा घोषणापत्र भी लाएंगे। इसमें राज्य के विकास और सुधार से जुड़े मुद्दों को जगह दी जाएगी। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीटों के बंटवारे का पूरा फॉर्मूला सामने नहीं रखा गया।

31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशा मुक्त करने का वादा

अमित शाह ने नशे के कारोबार को गठबंधन का सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि पंजाब से नशे का नेटवर्क खत्म करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। शाह ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और राज्य में राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करने की बात भी कही।

गृह मंत्री ने ऐलान किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में पहले किसी राजनीतिक दल ने नशे की समस्या को पूरी तरह खत्म करने में कामयाबी हासिल नहीं की। बीजेपी और अकाली दल इस दिशा में मिलकर काम करेंगे।

यह वादा शाह के लिए नया नहीं है। सितंबर 2026 में जालंधर की रैली में भी उन्होंने बीजेपी की सरकार बनने पर 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब से चिट्टा यानी सिंथेटिक ड्रग्स का कारोबार खत्म करने की बात कही थी। अब गठबंधन की घोषणा के साथ इस लक्ष्य को साझा राजनीतिक रोडमैप का हिस्सा बनाया गया है।

2020 में क्यों टूटा था गठबंधन?

बीजेपी और अकाली दल का पुराना गठबंधन सितंबर 2020 में टूट गया था। उस समय केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर पंजाब में किसानों का बड़ा आंदोलन चल रहा था। अकाली दल ने कानूनों का विरोध करते हुए एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। पार्टी की नेता हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री के पद से इस्तीफा भी दे दिया था।

अब छह साल बाद दोनों दल फिर साथ आए हैं। यह गठबंधन 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार को चुनौती देने की तैयारी है। हालांकि, पुराने साथ का दोबारा चुनावी ताकत में बदलना आसान नहीं होगा। किसानों के बीच भरोसा, सीटों का बंटवारा और पंजाब में दोनों दलों का बदला हुआ जनाधार इस गठबंधन की असली परीक्षा होंगे।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+