नीतीश कुमार की “घरवाली बनाम बाहरवाली” राजनीति और प्रधानमंत्री बनने के हसीन सपने
अनिल कपूर की एक फिल्म आयी थी जिसका नाम था "घरवाली बाहरवाली"। इस फिल्म में अनिल कपूर की एक घरवाली होती है और एक बाहरवाली होती है। राजनीति में नीतीश कुमार ने 'घरवाली' और 'बाहरवाली' के कॉन्सेप्ट का सफल प्रयोग किया है। इस प्रयोग के तहत 'घरवाली' यानी जिस पार्टी के साथ वे गठबंधन में होते हैं, उसे 'बाहरवाली' यानी विरोधी राजनीतिक दल के साथ चले जाने का खौफ दिखाकर दबाव में रखते हैं और आवश्यकता महसूस करने पर 'बाहरवाली' के साथ चले भी जाते हैं।

2015 में वे राजद-कांग्रेस के उस महागठबंधन के साथ चले गए, जिसे बिहार में जंगलराज चलाने के लिए पानी पी-पीकर कोसा था। इसी तरह 'बाहरवाली' के साथ रहते हुए वे उसे 'घरवाली' के पास लौट जाने का खौफ दिखाकर दबाव में रखते हैं। 2017 में वे महागठबंधन को छोड़कर वापस घरवाली भाजपा के साथ आ गए थे।
"घरवाली बाहरवाली" के कॉन्सेप्ट का सफल प्रयोग करने के लिए नीतीश कुमार एक गठबंधन या पार्टी के साथ रहते हुए बीच-बीच में दूसरे गठबंधन या पार्टी की तारीफ करते रहते हैं और उसके साथ सहयोग भी करते रहते हैं। एनडीए-1 में भी एक तरफ जहां उन्होंने भाजपा पर दबाव बनाने के लिए नरेंद्र मोदी के साथ अपने पोस्टर को मुद्दा बनाकर भोज रद्द कर दिया था, वहीं बीच-बीच में विरोधी पक्ष की मनमोहन सिंह सरकार की तारीफ भी कर दिया करते थे।
इसी तरह, जब वे महागठबंधन में आ गए, तो एक तरफ जहां वे तेजस्वी को "बच्चा" समान ट्रीट करते रहे, वहीं दूसरी तरफ विरोधी पक्ष के मोदी सरकार की नोटबंदी की तारीफ कर दी और राष्ट्रपति चुनाव में भी एनडीए उम्मीदवार रामनाथ कोविंद का साथ दे दिया।
इसलिए यदि एक बार फिर से नीतीश कुमार महागठबंधन के साथ सरकार बनाने के लिए तैयार हैं, तो इसकी ठोस राजनीतिक वजह भी है, जिसे तात्कालिक घटनाओं और बयानों के साथ ही नीतीश कुमार और उनकी पार्टी के दूरगामी हितों, या यूं कहें कि अपना अस्तित्व बचाने की लड़ाई के परिप्रेक्ष्य में समझना अधिक समीचीन होगा।
यह तो सबको पता है कि 2020 के विधानसभा चुनाव में एनडीए के साथ चुनाव लड़ते हुए भी नीतीश की पार्टी जदयू की हालत खस्ता थी। लोक जनशक्ति पार्टी के चिराग पासवान ने कथित तौर पर भाजपा के सहयोग से जदयू की तमाम सीटों पर अपनी पार्टी के उम्मीदवार खड़े किए और बड़ा आघात पहुंचाया।
सत्ता विरोधी हवा और चिराग के प्रयासों के कारण हालात ऐसे बन गए थे कि नीतीश कुमार को भावनात्मक कार्ड भी खेलना पड़ गया कि "यह मेरा आखिरी चुनाव है।" इसके बाद जो नतीजे आए, उसमें बिहार एनडीए में नीतीश कुमार बड़े भाई से छोटे भाई बन गए। भाजपा के 74 के मुकाबले जदयू को केवल 43 सीटें आईं।
इसके बावजूद यदि मन मसोसकर भाजपा नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने के लिए मजबूर हुई, तो केवल इसी कारण, क्योंकि उसे पता था कि ऐसा नहीं करने पर नीतीश कुमार को वापस महागठबंधन के साथ चले जाने में एक पल की भी देर न लगेगी। लेकिन जैसा कि स्वाभाविक है भाजपा इस स्थिति को 2025 में भी नहीं खींचना चाहेगी, भले ही उसने यह क्यों नहीं कहा हो कि जदयू के साथ उसका गठबंधन 2024 के साथ ही 2025 में भी जारी रहेगा।
नीतीश कुमार भी इस स्थिति को बखूबी समझ रहे होंगे। उन्हें 2025 में भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने का डर तो सता ही रहा है, वे यह भी समझ रहे हैं कि भाजपा से उन्हें जितना फायदा उठाना था, उठा लिया। यदि भाजपा 2025 में उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी, तो क्या बनाएगी? ज्यादा से ज्यादा केंद्र में मंत्री या फिर सिक्किम, अरुणाचल, नागालैंड जैसे छोटे राज्यों का राज्यपाल, क्योंकि भाजपा उन्हें उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र इत्यादि बड़े राज्यों का राज्यपाल बनाकर भी किसी भी कीमत पर सिरदर्द मोल नहीं लेना चाहेगी।
इसलिए नीतीश कुमार अपने भविष्य को सुरक्षित करने की नई योजनाओं पर विचार कर रहे होंगे। इसी के तहत, उन्हें यह प्लान सूझ रहा होगा कि बिहार में अभी महागठबंधन के साथ सरकार बनाकर विपक्षी खेमे को इस बात के लिए बारगेन किया जाए कि 2024 के लोकसभा चुनाव में वे उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाएं।
नीतीश कुमार को जानने वाले तमाम लोग बताते हैं कि एक बार प्रधानमंत्री बनने की उनके भीतर तीव्र महत्वाकांक्षा है और उन्हें पता है कि 2024 वह आखिरी मौका है, जब वे अपने इस सपने को पूरा करने के लिए प्रयास कर सकते हैं। क्योंकि 2029 तक काफी देर हो जाएगी। एक तो उनकी उम्र तब 78 साल हो जाएगी और वे काफी अशक्त हो जाएंगे,
दूसरे यदि उन्होंने 2025 से 2029 के बीच अपनी राजनीतिक उपयोगिता खो दी, तो कोई भी गठबंधन उन्हें 2029 की अपनी स्कीम में शामिल नहीं करेगा। इसलिए 2024 से पहले का यह समय नीतीश कुमार के लिए "करो या मरो" का समय है।
हालांकि प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा में नीतीश कुमार अभी राजद-कांग्रेस के साथ सरकार तो बना सकते हैं, लेकिन इसमें भी उनकी स्थिति केवल 2024 के लोकसभा चुनाव तक ही अनुकूल रह सकती है, क्योंकि 2024 में यदि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नहीं बन पाए, तो उसके बाद तेजस्वी यादव स्वयं मुख्यमंत्री बनना चाहेंगे। तेजस्वी यादव भी एक युवा और महत्वाकांक्षी नेता हैं, जिनकी पार्टी का जनाधार भी पिछले दशकों में लगभग अक्षुण्ण है।
जब 2017 में नीतीश कुमार महागठबंधन से निकले थे, तब भी उनकी पार्टी के प्रमुख आरोपों में एक यह भी था कि राजद भी उनकी पार्टी को तोड़ना चाहती है। इसलिए 2024 के बाद राजद भी एक बार फिर से नीतीश और उनकी पार्टी को कमज़ोर करने का प्रयास नहीं करेगी, यह संभव नहीं है।
राजद और भाजपा - ये दोनों पार्टियां यदि जदयू से अधिक मजबूत जनाधार रखते हुए भी बिहार की सत्ता में अपने दम पर आने से दूर हैं, तो केवल और केवल जदयू के कारण। इसलिए इन दोनों ही पार्टियो को यदि अपने दम पर बिहार की सत्ता तक पहुंचना है, तो उन्हें नीतीश कुमार और जदयू को कमज़ोर करना ही होगा।
इसलिए नीतीश कुमार फिलहाल इस संभावित पालाबदल से जो भी हासिल कर लें, लेकिन उनकी दूरगामी चुनौतियां कम नहीं होने वालीं। इसलिए भी, क्योंकि वे केवल समीकरणों के सहारे ही सत्ता-सुख का भोग कर रहे हैं, उनका जनाधार वैसा मजबूत नहीं है।
बिहार में 2005 से लेकर अब तक हुए तमाम विधानसभा और लोकसभा चुनावों के आंकड़े बताते हैं कि राज्य में नीतीश कुमार या उनकी पार्टी जदयू के अपने वोट 15-16 प्रतिशत से अधिक नहीं हैं। इस दौरान अकेले वे केवल 2014 का लोकसभा चुनाव लड़े हैं, जिसमें जदयू को 15.80 प्रतिशत वोट मिले थे। बाकी सारे चुनाव उन्होंने या तो भाजपा गठबंधन एनडीए के साथ मिलकर लड़े हैं या फिर राजद-कांग्रेस महागठबंधन के साथ लड़े हैं। इन चुनावों में भी उनकी पार्टी का बेहतरीन प्रदर्शन भारतीय जनता पार्टी के साथ 2010 में रहा, जब उसे अधिकतम 22.58 प्रतिशत वोट मिले थे।
ऐसे में यह देखना भी कम रोचक नहीं होगा कि बकरे की अम्मा कब तक खैर मनाएगी? यानी नीतीश कुमार अपनी पार्टी को भाजपा और राजद इन दोनों मजबूत पार्टियों के प्रहारों से कैसे बचाएंगे? यदि नीतीश कुमार भाजपा और राजद को इस्तेमाल करना जानते हैं तो ये दोनों पार्टियां भी उन्हें कमज़ोर करने के प्रयासों से बाज नहीं आने वाली, यह पत्थर पर लिखी लकीर की तरह सच है।
यह भी पढ़ेंः इंडिया गेट से: बिहार में एंटी लोटस आपरेशन की तैयारी
(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)
-
Bihar में फिर शुरू हुआ पोस्टर पॉलिटिक्स! पटना में लगे चिराग के पोस्टर, क्या BJP के 'हनुमान' बनेंगे नए CM -
क्या जिंदा है खामेनेई? दुनिया को दिया गया धोखा? पूर्व जासूस का दावा- 2-3 लोगों को पता है सुप्रीम लीडर कहां हैं -
T20 World Cup फाइनल से पहले न्यूजीलैंड के खिलाड़ी ने लिया संन्यास, क्रिकेट जगत में मची खलबली, फैंस हैरान -
IND vs NZ Final: फाइनल से पहले सन्नाटे में क्रिकेट फैंस! आज अपना आखिरी मैच खेलेंगे कप्तान सूर्यकुमार यादव? -
IAS IPS Love Story: 'ट्रेनिंग के दौरान कर बैठे इश्क',कौन हैं ये IAS जिसने देश सेवा के लिए छोड़ी 30 लाख की Job? -
Aaj Ke Match Ka Toss Kon Jeeta 8 March: आज के मैच का टॉस कौन जीता- भारत vs न्यूजीलैंड -
Aaj Ka Match Kon Jeeta 8 March: आज का मैच कौन जीता- भारत vs न्यूजीलैंड फाइनल, टी20 विश्व कप -
Gold Rate Today: जंग में ठंडी पड़ी सोने की कीमत! ₹5060 सस्ता गोल्ड, आपके शहर में आज क्या है 22K-18K का भाव? -
Aaj Ke Final Match Ka Toss Kitne Baje Hoga: आज के फाइनल मैच का टॉस कितने बजे होगा- भारत vs न्यूजीलैंड -
Athira Struggle Story: याददाश्त गंवाई-व्हीलचेयर बनी साथी, फिर भी UPSC में गाढ़े झंडे! IAS बनने में कितनी दूरी? -
Bihar Next CM:कौन होगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री? बेटे की राजनीति में एंट्री से पहले CM नीतीश ने कर दिया ऐलान! -
Aaj Ka Final Match Free Mei Live Kaise Dekhe: आज का फाइनल मैच फ्री में लाइव कैसे देखें- भारत vs न्यूजीलैंड












Click it and Unblock the Notifications