RCB vs GT Final: कोहली ने जमाया अपने 19 सालों का सबसे तेज अर्धशतक, आईपीएल फाइनल में टूटे कई रिकॉर्ड
RCB vs GT Final: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ एक ऐसी ऐतिहासिक पारी खेली, जिसे क्रिकेट फैंस बरसों तक याद रखेंगे। खिताबी मुकाबले के बड़े मंच पर किंग कोहली ने अपने बल्ले से वो गदर मचाया कि विरोधी टीम के गेंदबाज बेबस नजर आए।
इस हाई-वोल्टेज मैच में कोहली ने न सिर्फ अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि अपने आईपीएल करियर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मात्र 25 गेंदों में अपना अर्धशतक (50) पूरा किया। यह उनके आईपीएल इतिहास का अब तक का सबसे तेज अर्धशतक है।

विराट कोहली को ऐसे ही 'चेज मास्टर' या बड़े मैचों का खिलाड़ी नहीं कहा जाता। जब टीम को फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में उनसे एक कप्तानी पारी या धमाकेदार शुरुआत की उम्मीद थी, तब कोहली ने 2018 में राजस्थान और दिल्ली के खिलाफ बनाए अपने 26 गेंदों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। नाबाद 75 रन बनाकर वह आरसीबी को लगातार दूसरी बार टाइटल दिलाकर ले गए।
फाइनल में सबसे उम्रदराज प्लेयर ऑफ़ द मैच
आईपीएल (IPL) इतिहास के फाइनल मुकाबलों में 'प्लेयर ऑफ द मैच' (POTM) का खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों की सूची में अनिल कुंबले शीर्ष पर हैं, जिन्होंने साल 2009 में आरसीबी (RCB) के लिए 38 साल 219 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था। इस खास लिस्ट में दूसरे स्थान पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने साल 2026 में आरसीबी के लिए खेलते हुए 37 साल 207 दिन की उम्र में यह अवॉर्ड अपने नाम किया। उनके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फाफ डु प्लेसिस (37 साल 94 दिन, साल 2021) तीसरे और शेन वॉटसन (36 साल 344 दिन, साल 2018) चौथे पायदान पर आते हैं। इन दिग्गजों ने साबित किया है कि क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर उम्र महज़ एक आंकड़ा है।
एक ही मैदान पर दो आईपीएल खिताब जीतने वाली टीमें
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में एक ही मैदान पर दो बार चैंपियन बनने का अनोखा रिकॉर्ड कुछ खास टीमों के नाम दर्ज है। मुंबई इंडियंस (MI) ने इस मामले में गजब का दबदबा दिखाया है. उन्होंने कोलकाता के ईडन गॉर्डन्स में साल 2013 और 2015 का फाइनल जीता, और फिर हैदराबाद के मैदान पर साल 2017 और 2019 में खिताबी जीत हासिल की। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने भी चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम को अपना लकी मैदान बनाते हुए साल 2012 और 2024 की ट्रॉफियां वहीं चूमीं। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने भी इस फेहरिस्त में अपनी जगह पक्की करते हुए अहमदाबाद के मैदान पर साल 2025 और 2026 में लगातार दो बार खिताबी जीत का स्वाद चखा है।
आईपीएल में एक से अधिक बार 'पर्पल कैप' जीतने वाले गेंदबाज
आईपीएल के किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज को 'पर्पल कैप' से नवाजा जाता है, लेकिन लीग के इतिहास में सिर्फ चार ही ऐसे दिग्गज गेंदबाज हुए हैं जिन्होंने इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को एक से ज्यादा बार अपने नाम किया है। वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो ने साल 2013 और 2015 में चेन्नई के लिए खेलते हुए यह कारनामा किया था। भारत के स्विंग मास्टर भुवनेश्वर कुमार ने साल 2016 और 2017 में लगातार दो बार पर्पल कैप जीतकर इतिहास रचा था। इनके अलावा, अपनी शानदार विविधताओं के लिए मशहूर हर्षल पटेल ने साल 2021 और 2024 में यह कैप अपने नाम की, जबकि दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने साल 2020 और 2026 में अपनी घातक गेंदबाजी के दम पर दूसरी बार इस सूची में अपनी जगह बनाई।
क्रुणाल पांड्या का अनोखा रिकॉर्ड
रोहित शर्मा सबसे ज्यादा आईपीएल फाइनल जीतने वाली टीम में रहे हैं। डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस को मिलाकर 6 टाइटल जीते। अम्बाती रायडू ने 6 टाइटल जीते। धोनी, पोलार्ड, हार्दिक पांड्या और अब क्रुणाल पांड्या 5-5 बार आईपीएल विनर टीम में रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications