पश्चिम बंगाल: BJP सांसद लॉकेट चटर्जी पर फेंका गया 'जहरीला रंग', TMC पर लगे आरोप
BJP सांसद लॉकेट चटर्जी पर फेंका गया 'जहरीला रंग'
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का आगाज हो चुका है, आज प्रदेश की जनता ने पहले चरण के मतदान के लिए आज अपनी कीमती वोट डाला। इस बीच पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद लॉकेट चटर्जी पर हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक हुगली में शनिवार को बीजेपी सांसद पर कथित रूप से जहरीला रंग फेंका गया, जिसका आरोप तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं पर लगा है। यह हमला उस समय हुआ जब लॉकेट चटर्जी हुगली जिले के चुंचुरा विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम में पहुंची थीं।

Recommended Video
चुंचुरा विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार लॉकेट चटर्जी शनिवार को रबिंद्रनगर कालीतला मैदान में वसंत उत्सव के कार्यक्रम में पहुंची थी। आरोप है कि इसी बीच टीएमसी के कुछ लोगों ने लॉकेट चटर्जी पर जहरीला रंग फेंका जिससे उनको काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दर्द से कराहते अपनी एक आंख को कपड़े से दबाए लॉकेट चटर्जी ने कहा कि वह होली समारोह में पार्टी का प्रचार करने गई थीं। कार्यक्रम काफी सुंदर था वहां, महिलाएं और बच्चे गा रहे थे।
लॉकेट चटर्जी ने आगे कहा, 'कुछ लोगों के बुलाने पर मैं उनके पास गई, उन्होंने कहा कि वह मेरे साथ होली खेलना चाहते हैं लेकिन कोरोना वायरस की वजह से मैंने उन्हें सिर्फ रंगों की बिंदी लगाने की अनुतमि दी। उसी समय महिलाओं के सामने खड़े दो पुरुषों ने कहा कि हम आपको जरूर रंग लगाएंगे। मुझे लगता है वह किसी समूह का हिस्सा थे।' बीजेपी सांसद ने आगे कहा कि मेरे चेहरे के ऊपर रंग जैसा कुछ फेंका और भाग गए। हालांकि चश्में की वजह से रंग आंखों में जाने से बच गया लेकिन उनकी दाहिनी आंख में रंग की वजह से बहुत जलन हो रही है।
'हमलावरों ने पहन रखा था टीएमसी का बैज'
लॉकेट चटर्जी ने कहा, 'जब मैंने यह देखने की कोशिश की कि मुझ पर किसने रंग फेंका तो मैंने 3-4 लोगों को तृणमूल का बैज पहने देखा। यह अविश्वसनीय है कि कोई महिला पर इस तरह से रंग फेंक सकता है। क्या कोई इस तरह किसी महिला पर हमला करता है?' इस घटना के बाद बंगाल बीजेपी ने भी टीएमसी पर हमला बोलते हुए लॉकेट चटर्जी का वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया है। भाजपा का आरोप है तृणमूल कांग्रेस के ग्राम पंचायत प्रधान विद्युत विस्वास के लोगों ने इस वारदात का अंजाम दिया है। वहीं विद्युत विस्वास ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि इस घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव में अब 'ऑडियो' की एंट्री, बीजेपी के बाद अब टीएमसी ने क्लिप जारी कर साधा निशाना












Click it and Unblock the Notifications