यास तूफान से बंगाल में भयंकर तबाही, शुक्रवार को प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा करेंगी ममता बनर्जी
कोलकाता, मई 26। यास तूफान के बाद पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तबाही का मंजर है। दोनों ही राज्यों के समुद्री इलाकों में यास तूफान में भयंकर तांडव मचाया है। पश्चिम बंगाल के कई इलाकों सार्वजनिक संपत्ति के साथ-साथ लोगों की निजी संपत्ति को बहुत नुकसान पहुंचा है, जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा करने का फैसला लिया है। ममता बनर्जी शुक्रवार को पूर्वी मिदनापुर, दक्षिण एवं उत्तर 24 परगना के इलाकों का दौरा करेंगी।

बंगाल सरकार ने दी 1 करोड़ रुपए की मदद
आपको बता दें कि यास तूफान की वजह से सिर्फ बंगाल में करीब 1 करोड़ लोगों के प्रभावित होने की जानकारी है। इसके अलावा तीन लाख मकानों को क्षति पहुंची है। साथ ही 15 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। आपको बता दें कि ममता बनर्जी ने चक्रवात और ज्वार-भाटा से प्रभावित क्षेत्रों के लिए एक करोड़ रुपये की राहत राशि भी भेजी है।
बंगाल के इन इलाकों में नदियां उफान पर
आपको बता दें कि यास तूफान ने पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में पूर्व मिदनापुर और दक्षिण 24 परगना में अधिक तबाही मचाई है। यहां पर नदियां भी उफान पर हैं। इसके अलावा पेड़ों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। चक्रवात के कारण समुद्र में दो मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठीं और पूर्व मेदिनीपुर में दीघा एवं मंदारमणि और दक्षिण 24 परगना में फ्रेजरगंज और गोसाबा चक्रवात से प्रभावित हुए।
ओडिशा के ये इलाके हुए प्रभावित
वहीं दूसरी तरफ ओडिशा में भी यास तूफान की तबाही देखने को मिली है। ओडिशा के भद्रक जिले में धामरा बंदरगार के निकट गंभीर चक्रवाती तूफान 'यास' के पहुंचने की प्रक्रिया बुधवार सुबह नौ बजे शुरू हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि चक्रवात बालासोर से करीब 50 किलोमीटर दूर तट पर बहनागा ब्लॉक के निकट धामरा के उत्तर और बहनागा के दक्षिण में पहुंचा।












Click it and Unblock the Notifications