West Bengal violence: CM ममता बनर्जी बोलीं- हिंसा करने वालों की संपत्ति की होगी कुर्की-जब्ती
CM Mamata Banerjee ON West Bengal violence: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि राज्य में जो भी हिंसा फैलाएगा उसकी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी।

West Bengal chief minister Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि राज्य में हिंसा करने वाले अपराधियों की संपत्तियों की कुर्की-जब्ती की जाएगी। सीएम ममता ने कहा, पश्चिम बंगाल में जो भी हिंसा फैलाएगा, उन अपराधियों की संपत्तियों को कानून के अनुसार कुर्क और नीलाम किया जाएगा। संपत्तियों को जब्त कर और नीलाम करने के बाद जो भी पैसा आएगा, उससे पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा।
सीएम ममता बनर्जी का ये बयान हुगली में सोमवार को फिर से हिंसा छिड़ जाने के बाद आया है। हुगली के रिशरा इलाके में रामनवमी रैली के बाद आगजनी और हिंसा की खबरें फिर से सोमवार को भी आई थी। हावड़ा में पिछले हफ्ते इसी तरह की हिंसा हुई थी। फिलहाल हुगली में अब भी इंटरनेट बंद है और बड़े पैमाने पर पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स इलाके में गश्त कर रहे हैं।
बता दें कि हुगली जिले के रिशरा रेलवे स्टेशन पर कल पथराव की घटना सामने आई थी। कुछ समय के लिए प्रभावित इलाकों पर ट्रेन सेवाओं को भी निलंबित कर दिया गया था। इलाके में सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। फिलहाल रिशरा और सेरामपुर इलाकों में सीआरपीसी की धारा 144 लगाई गई है।
ममता बनर्जी ने भाजपा पर लगाए दंगे भड़काने के आरोप
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर हमला करते हुए आरोप लगाया था केंद्रीय बल राज्य में दंगे भड़काने के लिए आए हैं।
ममता बनर्जी ने सोमवार को पुरबा मेदिनीपुर में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, '' राज्य में केंद्रीय बल आए, एक फाइव स्टार होटल में रुके हैं और दंगा भड़का रहे हैं। उन्होंने फिर भाजपा के लोगों के साथ बैठक की और लौट आए है। उनके आने से पहले, सबसे पहले उनसे पूछा जाना चाहिए कि वे कहां थे? 100 दिनों के रोजगार (मनरेगा) के लिए पैसा कहां है? पहले बताओ, फिर बंगाल में दंगे भड़काने के लिए आओ।'
सीएम बनर्जी ने लोगों से आगामी पंचायत चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को वोट नहीं देने की भी बात की। ममता बनर्जी ने कहा, "मैं आप लोगों के लिए सब कुछ करूंगी, लेकिन आपसे गुजारिश है कि पंचायत और 2024 के चुनावों में दंगे कराने वाली पार्टी बीजेपी का समर्थन न करें।"
गौरतलब है कि रविवार को हुगली में बीजेपी की शोभा यात्रा के दौरान हंगामा और पथराव हुआ था। इससे पहले गुरुवार को रामनवमी के जश्न के बीच हावड़ा में दो गुटों के बीच हुई झड़प में कई वाहनों में आग लगा दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications