West Bengal by-election: बंगाल उपचुनाव में शाम पांच बजे तक 62 प्रतिशत मतदान
West Bengal by-election: चुनाव आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल में चार विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव में बुधवार को शाम 5 बजे तक 62.71% मतदान हुआ।
रायगंज में सबसे ज़्यादा 67.12% मतदान हुआ, उसके बाद रानाघाट दक्षिण में 65.37%, बगदाह में 65.15% और मानिकतला में 51.39% मतदान हुआ, आपको बता दें कि इन चार विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 10 लाख मतदाता हैं।

हिंसा की घटनाएं सामने आईं
उपचुनाव के दौरान बगदाह और रानाघाट दक्षिण से छिटपुट हिंसा की खबरें आईं, जिसमें भाजपा ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर अपने बूथ एजेंटों पर हमला करने और अपने उम्मीदवारों को कुछ मतदान केंद्रों पर जाने से रोकने का आरोप लगाया। रानाघाट दक्षिण से भाजपा उम्मीदवार मनोज कुमार विश्वास और बगदाह से बिनय कुमार विश्वास ने दावा किया कि 'उन्हें कुछ बूथों पर जाने से रोका गया।'
'कैंप ऑफिसों में टीएमसी समर्थकों ने तोड़फोड़ की'
बिनय कुमार बिस्वास ने कहा, 'मुझे शिकायत मिली थी कि टीएमसी के गुंडे बीजेपी कार्यकर्ताओं की पिटाई कर रहे हैं, जिसके बाद मुझे बूथों पर जाने से रोक दिया गया।' मनोज कुमार बिस्वास ने यह भी आरोप लगाया कि 'कुछ इलाकों में बीजेपी के कैंप ऑफिसों में टीएमसी समर्थकों ने तोड़फोड़ की।'
मतगणना 13 जुलाई को होगी
चुनाव आयोग ने चारों निर्वाचन क्षेत्रों में 1,097 मतदान केंद्रों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा बलों की करीब 70 कंपनियां तैनात की थी। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चला। मतगणना 13 जुलाई को होगी।
टीएमसी पर भाजपा ने लगाया आरोप
भाजपा के मानिकतला उम्मीदवार कल्याण चौबे को तब कथित टीएमसी कार्यकर्ताओं के विरोध और "वापस जाओ" के नारे का सामना करना पड़ा, जब उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक बूथ में प्रवेश करने की कोशिश की। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर कर दिया। टीएमसी ने सभी आरोपों को"निराधार" बताया। भाजपा ने इस बारे में चुनाव आयोग में शिकायत भी की है।
क्या था पिछला चुनाव परिणाम
2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने रानाघाट दक्षिण और बगदाह सीटें जीतीं थी। मानिकतला सीट टीएमसी के पास थी, लेकिन फरवरी 2022 में पूर्व राज्य मंत्री साधन पांडे के निधन के बाद यह खाली हो गई।
( यह खबर PTI की है)












Click it and Unblock the Notifications