पश्चिम बंगाल: बीजेपी ने की 108 निकाय चुनावों को रद्द करने की मांग, 28 फरवरी को बुलाया बंद
कोलकाता, 27 फरवरी: पश्चिम बंगाल में रविवार को 107 नगर निकायों के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी हो गई। हिंसा की घटनाओं के साथ कई जगहों पर वोटिंग में गड़बड़ी की खबरे में भी सामने आई। दरअसल, कुल 108 नगर पालिकाओं में चुनाव होना था, लेकिन राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक कूचबिहार जिले के दिनहाटा की एक नगर निकाय चुनाव को टीएमसी ने कुछ दिनों पहले निर्विरोध जीत लिया था, जिसके बाद 107 जगहों पर सुबह सात बजे शुरू शाम पांच बजे तक मतदान किया गया। इस बीच अब नगर निगम चुनाव में हिंसा और गड़बड़ी के आरोप में बीजेपी ने सोमवार (28 फरवरी) को 12 घंटे के लिए बंगाल बंद बुलाया है। इसी के साथ राज्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर बीजेपी ने 108 नगर पालिकाओं के चुनाव को अमान्य घोषित करने की मांग की है।

पश्चिम बंगाल बीजेपी ने राज्य चुनाव आयोग को पत्र लिखकर टीएमसी कार्यकर्ताओं पर वोटिंग के दौरान हिंसा और मतदान में धांधली करने का आरोप लगाते हुए सभी 108 नगर पालिकाओं के चुनाव को अमान्य घोषित करने की मांग की है। बीजेपी ने अपने लेटर में लिखा कि 108 नगर पालिका चुनावों में हिंसा, हमले और हथियारों के दम पर चुनाव करवाए गए। इसी के साथ बीजेपी ने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट नजर आई, वहीं प्रशासनिक मशीनरी भी नाकाम रही थी। इतना ही नहीं बीजेपी ने पोलिंग एजेंट्स पर भी धांधली करने के संगीन आरोप लगाएं।
बीजेपी ने 12 घंटे के लिए बुलाया बंद
जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांता मजूमदार सहित पार्टी के नेताओं पर भी हमला किया गया। वहीं अब नगर निगम चुनाव में हिंसा और गड़बड़ी के आरोप में बीजेपी ने 28 फरवरी को 12 घंटे के लिए बंगाल बंद बुलाया है। अपने बयान में सुकांत मजूमदार के कहा कि हमने कल 12 घंटे के बंद (हड़ताल) का आह्वान किया है। रविवार को नगर निगम चुनाव में महिलाओं के साथ बदसलूकी की गई और सैकड़ों लोगों ने कई जगहों पर बूथों में प्रवेश किया। यहां लोकतंत्र को ध्वस्त किया जा रहा है।
हड़ताल की अनुमति नहीं देगी सरकार
वहीं भाजपा के हड़ताल के आह्वान पर पश्चिम बंगाल सरकार ने कहा कि राज्य सरकार किसी भी बंद या हड़ताल की अनुमति नहीं देगी। सभी स्कूल, कॉलेज खुले रहेंगे। राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी कि सभी प्रतिष्ठान और सेवाएं सुचारू रूप से काम करें और कोई व्यवधान ना हो।












Click it and Unblock the Notifications