पश्चिम बंगाल: बीजेपी के 'नबन्ना चलो' मार्च में बवाल, आगजनी-तोड़फोड़, जानिए क्या-क्या हुआ?
कोलकाता, 13 सितंबर: पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ नबन्ना चलो मार्च निकाला। सरकार के खिलाफ बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे भाजपाई की कोलकाता, हावड़ा सहित कई पड़ोसी इलाकों में पुलिस से भिड़ने की खबर सामने आई। इस दौरान तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं भी देखने को मिली, जिसके बाद कई भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पश्चिम बंगाल बना जंग का मैदान!
नबान्न चलो अभियान के बीच हावड़ा के संतरागाछी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने और तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के गोले दागे। कोलकाता में राज्य सरकार के खिलाफ भाजपा के मार्च के बीच पुलिस वाहन में आग लगा दी गई। कोलकाता और बंगाल के कई हिस्सों में मंगलवार का दिन एक जंग के मैदान की तरह सामने आया।

भ्रष्टाचार के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन
भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए अपने 'नबन्ना चलो' अभियान निकाला। इस दौरा कोलकाता में सचिवालय तक विरोध मार्च के दौरान पुलिस से भाजपाई भिड़ गए। झड़प में कई भाजपा नेताओं सहित पुलिस अधिकारियों के भी घायल होने की सूचना है। सचिवालय तक मार्च के दौरान बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी, सांसद लॉकेट चटर्जी, वरिष्ठ नेता राहुल सिन्हा और अन्य को पुलिस ने हिरासत में लिया है। फैशन डिजाइनर और भाजपा के वरिष्ठ नेता अग्निमित्र पॉल को भी हावड़ा मैदान में एक विरोध स्थल से हिरासत में लिया गया।

बिंदुवार जानिए मार्च के दौरान क्या-क्या हुआ।
- कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में बैरिकेड्स को तोड़ने की कोशिश करने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
- हावड़ा के संतरागाछी में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। इसी तरह की झड़पें पड़ोसी हावड़ा, कोलकाता के लालबाजार और एमजी रोड इलाकों में हुईं, जहां हिंसक प्रदर्शनकारी पुलिस के साथ हाथापाई कर रहे थे।
- आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी दर्ज की गईं। प्रदर्शनकारियों को शहर में आगे बढ़ने से रोकने के कारण एक पुलिस कियोस्क क्षतिग्रस्त हो गया। लालबाजार जहां कोलकाता पुलिस का मुख्यालय स्थित है, एक पुलिस वाहन में आग लगा दी गई। बुराबाजार इलाके में पुलिस की एक और गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया।
- भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने हावड़ा में तब धरना दिया जब उन्हें जाने से रोका गया। सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी को अपने लोगों का समर्थन नहीं है। इसलिए वह बंगाल में भी उत्तर कोरिया की तरह तानाशाही लागू कर रही है।
मार्च में बवाल, आगजनी-तोड़फोड़
- हावड़ा ब्रिज के पास रैली का नेतृत्व करने वाले भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष पुलिस द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करने पर निकल गए। दिलीप घोष ने कहा, "इस जंगल राज के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी।"
- टीएमसी ने बीजेपी के प्रदर्शन पर निशाना साधा। ट्वीट में लिखा कि भाजपा कार्यकर्ता या गुंडे? सरकारी संपत्ति को नष्ट करना और नुकसान पहुंचाना, पुलिस कर्मियों पर हमला करना, अराजकता पैदा करना और राज्य भर में शांति भंग करना - भाजपा की आज की गतिविधियों ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है। हम इस तरह के अपमानजनक व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं।
- तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि भाजपा विरोध की आड़ में परेशानी पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि यह इस त्योहारी सीजन में बंगाल को अस्थिर करने के लिए एक बड़े गेम प्लान का हिस्सा है। यह कोई लोकतांत्रिक आंदोलन नहीं है। यह गुंडागर्दी है।












Click it and Unblock the Notifications