West Bengal Assembly Elections 2021: नंदीग्राम में ममता बनर्जी ने व्हीलचेयर पर किया रोड शो, BJP पर बोला हमला
कोलकाता। सोमवार को सीएम ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में रोड शो किया है। इस रोड शो में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में टीएमसी समर्थक भी शामिल हुए हैं। ममता बनर्जी ने रोड शो से पहले बीजेपी पर जोरदार हमला भी बोला। बता दें कि नंदीग्राम विधानसभा सीट इस बार के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की सबसे हॉट सीट है क्योंकि यहां स्थानीय विधायक और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच सीधी टक्कर है। मालूम हो कि हॉटसीट नंदीग्राम पर दूसरे चरण के तहत एक अप्रैल को वोटिंग होनी है। (देखें: Video)
Recommended Video

गौरतलब है कि सीएम ममता की ये रोड शो खुरीदारम मोड़ से शुरू होकर ठाकुर चौक पर खत्म होने वाला था , लेकिन बीच में सीएम ममता बनर्जी ने अपने रोड-शो का रूट बदल दिया। मालूम हो कि नंदीग्राम में ही नामांकन करने के दौरान ही ममता बनर्जी को चोट लगी थी, जिसके बाद से वो चोटिल हैं और व्हीलचेयर पर हैं, उन्होंने इसके लिए बीजेपी के लोगों को जिम्मेदार ठहराया था और कहा था कि घायल बाघिन ज्यादा खतरनाक होती है।
सुवेंदु अधिकारी को 'गद्दार' और खुद को 'गधा' बोला
इससे पहले उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान सुवेंदु अधिकारी को 'गद्दार' और खुद को 'गधा' बोला था। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ममता ने कहा कि मैं दुनिया का सबसे बड़ा 'गधा' हूं क्योंकि वक्त रहते मैं 'गद्दार' (सुवेंदु अधिकारी) को पहचान नहीं पाई, उसने हमें धोखा दिया है। ममता ने कहा कि जब वो सहकारी बैंकों और राज्य सरकार के शीर्ष पदों पर बैठे थे, तब उन्होंने 5 हजार करोड़ का गबन किया था, लेकिन अब वक्त आ गया है कि अधिकारी को जनता ही सजा दे।
2 मई को आएंगे चुनाव परिणाम
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में चुनाव हो रहा है। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए 27 मार्च को मतदान हो चुका है, जिसमें बंपर वोटिंग हुई है, जबकि दूसरे चरण में 1 अप्रैल, तीसरे चरण में 6 अप्रैल, चौथे में 10 अप्रैल, पांचवे में 17 अप्रैल, छठें में 22 अप्रैल, सातवें में 26 अप्रैल और आठवें यानी आखिरी चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा।चुनाव परिणाम 2 मई को आएगा।












Click it and Unblock the Notifications