बंगाल: फर्जी आधार संग एयरपोर्ट पर पकड़े गए 2 चीनी नागरिक, हाल ही में गए थे पाकिस्तान
सिलीगुड़ी। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में दो चीनी नागरिकों को फर्जी आधार कार्ड के साथ हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया चीनी नागरिकों को सिलीगुड़ी के बागडोगरा एयरपोर्ट पर पकड़ा गया। दोनों फर्जी आधार कार्ड के आधार पर यात्रा कर रहे थे। आधार कार्ड पर उत्तर प्रदेश का पता दर्ज था।

दोनों चीनी नागरिकों को बागडोगरा एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि दोनों यूपी के गाजियाबाद जा रहे थे। हालांकि ये नहीं पता चल पाया कि वे किस फ्लाइट पर सवार होने वाले थे। दोनों की पहचान झांग जुन (39) और काईलेंग (42) के रूप में की गई है।
अधिकारियों को उनके पास से जो यात्रा दस्तावेज मिले हैं उनकी जांच करने पर पता चला है कि दोनों ने 3 मार्च से 14 मार्च के दौरान काठमांडू से कराची के बीच यात्रा की थी।
सीआईएसएफ ने दोनों को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
नेपाली नागरिक के नाम पर लिया होटल
सिलीगुड़ी के डीसीपी पश्चिमी कुंवर भूषण सिंह ने बताया "दो चीनी नागरिकों को उनके दस्तावजों में गड़बड़ी मिलने पर हिरासत में लिया गया है। हम दस्तावेजों का सत्यापन कर रहे हैं। कड़ी पूछताछ के बाद संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।"
पुलिस ने बताया कि दोनों शख्स 14 मार्च को काठमाण्डू पहुंचे थे। वे सोमवार को सिलीगुड़ी पहुंचे जहां उन्होंने होटल में चेक इन किया। होटल दो नेपाली नागरिकों के नाम पर बुक किया गया था जो उनके ही साथ यात्रा कर रहे थे। नेपाली नागरिक अपने देश के लिए जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications