'एक बार नहीं हजार बार करूंगा', TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने फिर की उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री
Mimicry Row TMC MP Kalyan Banerjee: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री करने वाले टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने एक बार फिर उसी हरकत को दोहराया है। टीएमसी सांसद ने रविवार को एक कार्यक्रम में फिर से उपराष्ट्रपति की नकल उतारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पश्चिम बंगाल में एक राजनीतिक सभा में अपने संबोधन के दौरान कल्याण बनर्जी ने उपराष्ट्रपति धनखड़ का फिर मजाक बनाया है। इतना ही नहीं उन्होंने दो टूक कहा वो एक बार नहीं हजार बार करेंगे।

रविवार को एक बार फिर धनखड़ की नकल की उतारते हुए बनर्जी ने इसे "कला का रूप" बताते हुए कहा कि वह उनकी नकल करना जारी रखेंगे। बनर्जी ने कहा कि वह ऐसा एक हजार बार करेंगे और ऐसा करना उनका मौलिक अधिकार है।
सभा में बांग्ला में बोलते हुए टीएमसी कल्याण बनर्जी ने कहा कि वह मिमिक्री करते रहेंगे, यह एक आर्ट है। उन्होंने कहा, "अगर जरूरत पड़ी तो हजार बार भी करूंगा, मेरे पास अपने विचार व्यक्त करने के सभी मौलिक अधिकार हैं। आप मुझे जेल में डाल सकते हैं, लेकिन मैं पीछे नहीं हटूंगा, मैं लड़ना जारी रखूंगा।"
जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर में एक राजनीतिक सभा के दौरान कल्याण बनर्जी ने ये सब बयान दिया है। मालूम हो कि शीतकालीन सत्र के दौरान सांसदों के निलंबन के बाद टीएमसी नेता ने राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का मजाक उड़ाया था, जिसके बाद यह मामला विवादों में आ गया।
हालांकि उन्होंने इसके बाद कहा था कि मिमिक्री एक कला है और उनका इरादा कभी किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था।
मिमिक्री की यह घटना पिछले हफ्ते तब हुई जब 13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा उल्लंघन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए सदन में तख्तियां लाने के लिए 142 संसद सदस्यों को राज्यसभा और लोकसभा से निष्कासित कर दिया गया था।
अपनी मिमिक्री पर जगदीप धनखड़ क्या बोले ?
राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि "मेरी बात सुन लीजिए, जगदीप धनखड़ की कितनी बेइज्जती करो, मुझे कोई चिंता नहीं है, लेकिन भारत के उपराष्ट्रपति के पद की गरिमा को बनाए रखिए। उपराष्ट्रपति के ऑफिस का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा।"












Click it and Unblock the Notifications