BJP में जाने पर 3 महिलाओं से करवाई थी 'दंडवत परिक्रमा', अब डैमेज कंट्रोल करते हुए TMC ने एक को बनाया कैंडिडेट
West Bengal Panchayat Election: पश्चिम बंगाल में टीएमसी पर पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने पर तीन आदिवासी महिलाओं को 'दंडवंत परिक्रमा' करवाने का आरोप लगाया गया था। महिलाओं का टीएमसी छोड़कर भाजपा में जाना अपराध माना गया था।
जिसके बाद अब टीएमसी ने उन तीन महिलाओं में से एक को पंचायत चुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया है। पूरा मामला बालुरघाट जिले का है। टीएमसी ने एक महिला शिउली मार्डी को आगामी पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस से टिकट दिया है।

महिला प्रत्याशी मार्डी ने रविवार दोपहर से टीएमसी के लिए प्रचार करना शुरू कर दिया और वोट मांगने के लिए दीवारों पर चित्र भी बनाए।
दरअसल, कथित तौर पर महिलाओं को सड़क पर 'दंडवंत परिक्रमा'करने के बाद टीएमसी को काफी आलोचना का सामना पड़ रहा था, जिसके बाद अब डैमेज कंट्रोल करने के लिए यह कदम उठाया है। तृणमूल ने गोफानगर ग्राम पंचायत से उनको टिकट दिया है।
बता दें कि इस घटना का वीडियो अप्रैल में बंगाल बीजेपी नेताओं द्वारा शेयर किए जाने के बाद जमकर वायरल हो गया था। जिसके बाद टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने महिलाओं से मुलाकात की और टीएमसी नेता प्रदीप्त चक्रवर्ती, जिनकी उपस्थिति में यह घटना हुई, को बालुरघाट नगरपालिका के उपाध्यक्ष के पद से बर्खास्त कर दिया गया।
अब उनमें से एक को टिकट देकर तृणमूल पंचायत चुनाव से पहले आदिवासी मतदाताओं को लुभाने की उम्मीद कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications