बंगाल नगर निगम चुनाव: ममता का जलवा कायम, TMC ने दर्ज की बड़ी जीत
कोलकाता, 14 फरवरी: तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के बिधाननगर, सिलीगुड़ी, चंद्रनगर और आसनसोल नगर निगम में भाजपा, सीपीआईएम और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों को पछाड़कर बड़ी जीत दर्ज की है। शनिवार (12 फरवरी) को हुए मतदान के बाद सोमवार को हुई मतगणना में टीएमसी ने जीत हासिल करते हुए चारों नगर निगमों में अपरना परचम लहराया है।

Recommended Video
विधाननगर में 41 में से 39 सीटें जीतीं
ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने 41 में से 39 सीटें जीतकर विधाननगर निगम को बरकरार रखा, जबकि बीजेपी और सीपीआई (एम) अपना खाता खोलने में नाकाम रही। कांग्रेस सिर्फ एक सीट जीत सकी और एक वार्ड में एक निर्दलीय उम्मीदवार जीता।
सिलीगुड़ी नगर निगम पर जमाया कब्जा
इसी के साथ टीएमसी ने सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे से सिलीगुड़ी नगर निगम (एसएमसी) को भी छीन लिया। कुल 47 सीटों में से टीएमसी ने 37 वार्ड हासिल किए और भाजपा पांच सीटों पर जीत हासिल करके मुख्य विपक्ष के रूप में उभरी। वहीं वाम को तीसरे स्थान पर खिसका दिया गया, क्योंकि वह केवल चार सीटें जीतने में सफल रही, और कांग्रेस के खाते में सिर्फ एक आई। इसी के साथ सीएम बनर्जी ने तुरंत घोषणा करते हुए ऐलान किया कि गौतम देब सिलीगुड़ी नगर निगम के अगले मेयर होंगे। देब 3000 से अधिक मतों के अंतर से जीते।
चंद्रनगर और आसनसोल में भी जीत दर्ज
वहीं चंद्रनगर नगर निगम में टीएमसी ने 32 में से 31 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि सीपीआई (एम) ने एक वार्ड में जीत हासिल की। आसनसोल नगर निगम में टीएमसी 106 में से 91 सीटों पर विजयी हुई, जबकि भाजपा ने सात सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस ने तीन, लेफ्ट ने दो और अन्य ने तीन वार्ड जीते।आसनसोल के नतीजे से बीजेपी को झटका लग सकता है, क्योंकि विधानसभा चुनाव के दौरान अग्निमित्र पॉल ने आसनसोल में टीएमसी की स्टार उम्मीदवार सयानी घोष को मात दी थी।
जीत पर ममता ने दी बधाई
वहीं चारों सीट पर जीत के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट करते हुए जनता का धन्यवाद करते हुए लिखा कि यह एक बार फिर मां, माटी, मानुष की भारी जीत है। आसनसोल, बिधाननगर, सिलीगुड़ी और चंद्रनगर के लोगों को तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों पर अपना विश्वास जताने के लिए आभार।












Click it and Unblock the Notifications