राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने बंगाल राजनीतिक हिंसा पर लिया संज्ञान, मौके पर जाकर जांच करेंगी विशेष टीमें
नई दिल्ली, मई 4: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के परिणाम आ चुके हैं, जिसमें टीएमसी ने तीसरी बार परचम लहराया। हालांकि इस बार ममता बनर्जी खुद नंदीग्राम से चुनाव हार गईं। वहीं चुनावी प्रक्रिया खत्म होने के बाद बंगाल में हिंसा का दौर शुरू हो गया है, जहां पर बीजेपी और लेफ्ट के नेताओं को जमकर निशाना बनाया जा रहा। इसमें बड़ी संख्या में लोगों की मौत भी हुई है, जिस पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। साथ ही मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

मानवाधिकार आयोग के मुताबिक पिछले दो दिनों से बंगाल में हिंसा जारी है, जिस वजह से कई राजनीतिक कार्यकर्ताओं की हत्या हुई। इसके अलावा कई दुकानों और घरों में भी तोड़फोड़ की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मानवाधिकार आयोग ने इसका संज्ञान लिया है। साथ ही उनकी एक टीम बंगाल में जाएगी और वहां पर मामले की जांच करेगी। इसके बाद आयोग इस पर कार्रवाई करेगा।
बीजेपी नेता का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर मंगलवार को एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें टीएमसी कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी नजर आ रही है। वीडियो में बीजेपी के मेतिब्रुज मंडल अध्यक्ष सत्यब्रत मंडल को जबरदस्ती टीएमसी ज्वाइन करवाया गया। उस दौरान उनके हाथों में जबरदस्ती टीएमसी का झंडा भी थमा दिया गया।
नड्डा पहुंचे बंगाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए जेपी नड्डा भी मंगलवार को बंगाल पहुंचे और बीजेपी के मारे गए कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात की। जेपी नड्डा ने कहा कि आजाद भारत में चुनावी नतीजों के बाद इस तरह की हिंसा की तस्वीरें कभी नहीं देखी गईं। बीजेपी इसका लोकतांत्रिक तरीके से जरूर जवाब देगी। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिस तरह आगजनी की घटनाएं की हैं, उनसे हमें काफी हैरानी हो रही है, हमने ऐसी घटनाएं भारत के बंटवारे के वक्त सुनी थीं।












Click it and Unblock the Notifications