'मुर्शिदाबाद में जल्दी हो केंद्रीय बलों की तैनाती', वक्फ से जुड़ी हिंसा के बाद कलकत्ता हाई कोर्ट का बड़ा आदेश
Murshidabad Violence: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ बोर्ड से जुड़ी हिंसा को लेकर अब कलकत्ता हाई कोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है। कलकत्ता हाई कोर्ट ने शनिवार (12 अप्रैल) को मुर्शिदाबाद में केंद्रीय बलों की तैनाती का आदेश दिया है। भाजपा नेता और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुर्शिदाबाद में केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की थी। जिसके बाद कोर्ट का ये फैसला आया है।
मुर्शिदाबाद में वक्फ अधिनियम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया है। मुर्शिदाबाद बांग्लादेश की सीमा से लगे मुस्लिम बहुल जिला है। पीटीआई ने पुलिस के हवाले से बताया कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के समसेरगंज में वक्फ से संबंधित हिंसा में आज दो लोगों की मौत हुई है। अब तक कुल पांच लोगों की जान चली गई है।

मुर्शिदाबाद में केंद्रीय बलों की तैनाती को लेकर ममता सरकार और भाजपा थी आमने-सामने
वक्फ अधिनियम को लेकर विरोध प्रदर्शन के बाद भड़की हिंसक झड़पों के कारण मुर्शिदाबाद में 8 अप्रैल से तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प हो गई थी। इसी बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि राज्य में वक्फ एक्ट 2025 लागू नहीं किया जाएगा।
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। वहीं दूसरी तरफ ममता बनर्जी की सरकार ने इसका विरोध किया और कहा कि इसकी जरूरत नहीं है और स्थिति कंट्रोल में है। हालांकि अब हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि जल्द से जल्द मुर्शिदाबाद में केंद्रीय बलों की तैनाती की जानी चाहिए।
मुर्शिदाबाद में क्यों और कैसे शुरू हुई हिंसा?
10 अप्रैल को वक्फ कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान मुर्शिदाबाद में हिंसा भड़की थी। शुक्रवार की नमाज के बाद वक्फ विधेयक के खिलाफ हजारों लोग सड़कों पर उतरे थे और नेशनल हाइवे 34 ब्लॉक कर दिया था। जब पुलिस ने हाइवे से भीड़ को हटाने की कोशिश की तो एक दोनों पक्षों में झड़प हो गई।
मुर्शिदाबाद में हिंसा आज भी जारी रही, उपद्रव के दौरान एक उन्मादी भीड़ ने दो लोगों एक पिता और उसके बेटे को पीट-पीटकर मार डाला। अब तक 110 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और कई स्थानों पर पुलिस की छापेमारी जारी है।
हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घोषणा की कि राज्य में वक्फ अधिनियम लागू नहीं किया जाएगा, जबकि भाजपा ने हिंसा को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है और जवाबी विरोध प्रदर्शन भी किया है।
सीएम ममता बनर्जी ने शांति की अपील भी की और कहा कि वक्फ कानून केंद्र द्वारा बनाया गया है...इसलिए इससे जुड़े सवाल भी उनसे ही पूछे जाने चाहिए। सीएम ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा, ''सभी धर्मों के लोगों से मेरी विनम्र अपील है कि कृपया शांत रहें, संयमित रहें। धर्म के नाम पर किसी भी अधार्मिक व्यवहार में शामिल न हों। प्रत्येक मानव जीवन कीमती है, राजनीति के लिए दंगे न भड़काएं।"












Click it and Unblock the Notifications