'2024 में शुरू होगा खेला, मैं-हेमंत-अखिलेश-नीतीश साथ होंगे, फिर BJP कैसे बनाएगी सरकार'
कोलकाता, 8 सितम्बर। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र की मोदी सरकार पर करारा हमला बोला है। बंगाल में बीजेपी को हराने के बाद अब ममता ने दिल्ली की सत्ता से पीएम मोदी को हटाने के लिए खेला शुरू करने की बात कही है। कोलकाता में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि 2024 में हम एक खेल खेलेंगे जो बंगाल से शुरू होगा।

ममता बनर्जी ने आगे कहा कि इस खेल के शुरु होने के बाद हेमंत सोरेन, अखिलेश यादव, नीतीश कुमार, मैं और दूसरे दोस्त एकजुट होंगे। वे (बीजेपी) कैसे सरकार बनाएंगे। बीजेपी सरकार की कोई जरूरत नहीं है।
शेख हसीना का किया जिक्र
ममता बनर्जी ने बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना के दौरे को लेकर भी पीएम मोदी पर निशाना साधा। पश्चिम बंगाल की सीएम ने कहा ये पहली बार है जब बांग्लादेश की पीएम भारत आई हैं लेकिन मुझसे मिलने की अपनी इच्छा के बावजूद बंगाल नहीं आईं। मुझे नहीं पता कि क्यों वे (बीजेपी) इतने नाराज हैं। उन्होंने मुझे शिकागो और चीन के कार्यक्रमों में न शामिल होने देने समेत कई जगहों पर नहीं जाने दिया।
Recommended Video
मुझे बुरा लगता है कि वे अब दिल्ली में नेताजी की मूर्ति बना रहे हैं। जो मूर्ति पहले से मौजूद है उसके बारे में क्या? मुझे एक अवर सचिव का पत्र मिला जिसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री आज प्रतिमा का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम शुरू होने से पहले आप वहां मौजूद हों। क्या मैं उनकी बंधुआ मजदूर हूं ?
डराने के लिए मंत्रियों को बना रहे निशाना
इस दौरान उन्होंने जेल में बंद टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल का भी जिक्र करते हुए केंद्र द्वारा एजेंसियों के माध्यम से उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया। ममता ने कहा बीरभूम जिले ने कभी हारना नहीं सीखा है। जब तक केस्तो (अनुब्रत मंडल) वापस नहीं लौटेंगे, हमारी लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी। वे (बीजेपी) झूठ बेच रहे हैं और जिला स्तर के नेताओं को डराने के लिए एक के बाद एक मंत्रियों को निशाना बना रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications