बंगाल चुनाव: BJP कैंडीडेट पर पैसे बांटने का आरोप, महुआ मोइत्रा ने Video किया शेयर
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर हैं और सभी उम्मीदवार अपने इलाकों में मतदाताओं तक पहुंचने में लगे हैं। इसी दौरान टीएमसी की सांसद महुआ मोइत्रा ने बीजेपी के एक प्रत्याशी का सनसनीखेज वीडियो शेयर किया है। महुआ मोइत्रा ने बीजेपी वीडियो के आधार पर बीजेपी उम्मीदवार पर मतदाताओं को पैसे बांटने का आरोप लगाया है।

महुआ मोइत्रा ने बीजेपी के नेता मुकुट मणि अधिकारी पर पैसे बांटने का आरोप लगाया है। मुकुट मणि पश्चिम बंगाल की राणाघाट दक्षिण विधानसभा संख्या 90 से बीजेपी के उम्मीदवार हैं।
क्या है वीडियो में ?
महुआ मोइत्रा ने जो वीडियो शेयर किया है जिसमें मुकट मणि अधिकारी एक घर के सामने बैठे नजर आ रहे हैं। इस दौरान वह घर में मौजूद लोगों से बात कर रहे हैं। वीडियो में थोड़ी देर बाद दिखाई देता है कि अधिकारी के साथ मौजूद एक व्यक्ति घर की महिला को नोट जैसी कोई चीज देता हुआ नजर आता है।
30 सेकंड का ये वीडियो शेयर करते हुए महुआ मोइत्रा ने लिखा है। "अगर सच है तो चौकाने वाला वीडियो है जिसमें विधानसभा क्षेत्र 90 राणाघाट दक्षिण विधानसभा से बीजेपी उम्मीदवार मुकुट मणि अधिकारी और उनकी टीम घर-घर जाकर पैसा बांट रहे हैं।
कार्रवाई की मांग
तृणमूल सांसद ने आगे लिखा है कि "घर-घर मोदी का असली मतलब ये है।' मोइत्रा ने इस वीडियो के आधार पर कार्रवाई की मांग की है। चुनाव आयोग और पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी को टैग करते हुए उन्होंने लिखा है कि "कृपया इसकी जांच करें और तत्काल कार्रवाई करें।"
हालांकि यह वीडियो एडिटेड है या फिर असली वन इंडिया हिंदी स्वतंत्र स्रोतों से इसकी पुष्टि नहीं कर सका है।












Click it and Unblock the Notifications