क्या बंगाल में होगा खेला? आज हुए लोकसभा चुनाव तो ममता दीदी के राज्य में भाजपा को मिलेगी कितनी सीटें?
Times Now Etg Research Survey: बंगाल की सीएम ममता बनर्जी देश की उन नेताओं की लिस्ट में शामिल हैं, जो कि सीधे तौर पर खुले मंच पर पीएम मोदी के खिलाफ जहर उगलती हैं। मंगलवार को INDIA ब्लॉक की मीटिंग के दौरान उन्होंने बतौर पीएम उम्मीदवार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम आगे बढ़ाया था।

जिसकी पुष्टि उन्होंने आज दिल्ली में मीडिया के सामने कर भी दी और ये भी बोला कि उनके इस प्रस्ताव पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का भी समर्थन आया है।
तृणमूल कांग्रेस लगातार आलोचनाओं के घेरे में
मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली तृणमूल कांग्रेस लगातार आरोपों और आलोचनाओं के घेरे में हैं। संसद के शीतकालीन सत्र में पहले कैश फॉर क्वेरी मामले में सांसद महुआ मोइत्रा की सांसदी चली गई और उसके बाद कल कल्याण बनर्जी ने संसद की सीढ़ियों पर बैठकर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री करके एक नए विवाद को जन्म दे दिया है।
ममता का मोदी सरकार पर तानाशाही का आरोप
ममता बनर्जी लगातार मोदी सरकार पर तानाशाही और मनमानी करने का आरोप लगाती आई हैं, उनका कहना है कि 'देश में लोकतंत्र बचाने के लिए मोदी सरकार को हर हाल में हटाना होगा।'
भाजपा को बंगाल से कोई फायदा नहीं होगा-TMC
बंगाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारी हार देने वाली सीएम ममता का दावा है कि 'इस बार के लोकसभा चुनाव में भाजपा को बंगाल से कोई फायदा नहीं होगा, असेंबली इलेक्शन की तरह आम चुनावों में भी भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी।'
पिछले चुनाव में भाजपा को मिली थीं 18 सीटें
लेकिन क्या सच में ऐसा संभव है? आपको बता दें कि साल 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को पश्चिम बंगाल में 18 सीटें हासिल हुई थीं।
क्या बंगाल में होगा खेला?
फिलहाल जनता इस बारे में क्या सोचती है इसको जानने के लिए टाइम्स नाउ-ईटीजी रिचर्स ने देश भर में एक सर्वे किया। इस सर्वे के तहत उसने पश्चिम बंगाल के लोगों से भी ये सवाल किया कि 'आज अगर देश में लोकसभा चुनाव हुए तो बीजेपी को यहां कितनी सीटें हासिल होंगी?
सर्वे में बीजेपी को 17-19 सीटें मिलती दिख रही हैं
सर्वे के नतीजे बेहद ही चौंकाने वाले हैं, जो कि टीएमएसी को परेशान कर सकते हैं। दरअसल इस सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक तृणमूल कांग्रेस को 20-24 सीटें और बीजेपी को 17-19 सीटें मिलती दिख रही हैं, यानी कि भले ही बीजेपी को बंगाल के विधानसभा चुनाव में कुछ नहीं मिला लेकिन लोकसभा चुनाव में उसकी स्थिति मजबूत ही दिख रही है।
ये हैं सर्वे के नतीजे?
लोकसभा चुनाव सर्वे (Times Now-ETG Research)
- कुल सीटें : 42
- तृणमूल कांग्रेस: 20-24
- बीजेपी:17-19
- सीपीआईएम: 1-2
- कांग्रेस: 1-2
साल 2019 के चुनाव में क्या थी स्थिति?
- कुल सीटें : 42
- तृणमूल कांग्रेस: 22
- बीजेपी:18
- सीपीआईएम:0
- कांग्रेस: 2
साल 2014 के चुनाव में क्या थी स्थिति?
- कुल सीटें : 42
- तृणमूल कांग्रेस:34
- बीजेपी:2
- सीपीआईएम:2
- कांग्रेस: 4
अगर वोट प्रतिशत की बात की जाए तो साल 2019 के लोकसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को 43.3 फीसदी , बीजेपी को 40.7 फीसदी, कांग्रेस को 5.67 फीसदी और सीपीआईएम को 6.33 फीसदी वोट मिले थे।












Click it and Unblock the Notifications