पूर्व छात्र नेता अनीस की हत्या के मामले में कोलकाता हाईकोर्ट ने दूसरी बार पोस्टमार्टम कराने का दिया आदेश
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में छात्र नेता अनीस खान की हत्या को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट ने पूर्व छात्र नेता अनीस खान की हत्या के मामले में जिला जज की निगरानी में दूसरे पोस्टमॉर्टम का आदेश दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की प्रति खान के परिवार के सदस्यों और याचिकाकर्ता को दी जाएगी। फिलहाल सीबीआई जांच नहीं होगी। बता दें कि अनीस की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक होम गार्ड और दूसरा सिविक वालंटियर है।

पश्चिम बंगाल के डीजीपी मनोज मालविया ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि होम गार्ड काशीनाथ और एक सिविक वालंटियर प्रीतम भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया है। डीजीपी के मुताबिक एसआईटी की शुरुआती जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पूर्व इस हत्या के मामले में राज्य सरकार ने दो पुलिसकर्मियों और एक होम गार्ड को सस्पेंड कर दिया था।
पुलिस ने बीते बुधवार को मान लिया कि अनीस खान की हत्या हुई थी। बता दें कि कोलकाता पश्चिम से करीब 50 किलोमीटर दूर हावड़ा के आमता इलाके में 19 फरवरी को छात्र नेता अनीस की हत्या हुई थी। आरोप लगाया जा रहा है कि बीते 19 फरवरी की रात को छात्र के घर अचानक चार लोग घुसे थे, जिनमें से एक पुलिस की वर्दी में था। फिर वे चारों लोग उस छात्र को उसके घर की तीसरी मंजिल पर ले गए और वहां से नीचे फेंक दिया।
बता दें कि अनीस कई सामाजिक गतिविधियों में शामिल था। खान पहले सीपीआई ( एम ) की स्टूडेंट विंग एसएफआई में भी रहा है। वह सीएए के खिलाफ कोलकाता में विरोध प्रदर्शनों का एक प्रमुख चेहरा था। बाद में वह इंडियन सेक्युलर फ्रंट में शामिल हो गया। अनील 28 वर्ष का था। वह हावड़ा के आमता का रहने वाला था और यूनिवर्सिटी में पढ़ता था। अनीस की मां का हाल ही में निधन हो गया था। अनीस ने एमबीए किया था।












Click it and Unblock the Notifications