फ्लाइट्स के लिए मुसीबत बनी दुर्गा पूजा पंडाल की लाइटें, तीन विमानों के कैप्टन ने की शिकायत
कोलकाता, अक्टूबर 12: पश्चिम बंगाल में इन दिनों दुर्गा पूजा का त्योहार चल रहा है। राज्यभर में दुर्गा पूजा के दौरान भव्य पंडाल बनाए गए हैं। कोलकाता में में कई आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं। इन पंडालों में काफी तेज रोशनी वाली लाइटें लगाई गई हैं। अब ये लाइटें फ्लाइट ट्रैफिक को प्रभावित कर रही हैं। दक्षिण दमदम शहर में बने श्रीभूमि दुर्गा पूजा पंडाल में रोशनी की व्यवस्था विमानों के लिए व्यवधान उत्पन्न कर रही है।

एएनआई न्यूज के मुताबिक, दक्षिण दमदम शहर में बने श्रीभूमि दुर्गा पूजा पंडाल में लाइटिंग के चलते फ्लाइटों की आवाजाही प्रभावित हुई। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, लाइटिंग से उड़ानों में व्यवधान को लेकर तीन अलग-अलग उड़ानों के कैप्टन ने कोलकाता एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) के पास सोमवार को शिकायत दर्ज कराई थी। एटीसी ने कोलकाता एयरपोर्ट अथॉरिटी को इसकी जानकारी दे दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस समस्या को लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन ने कोलकाता पुलिस से शिकायत की है। माना जा रहा है कि, रात में पंडाल से निकलने वाली रंग बिरंगी रोशनी पर रोक लगाई जा सकती है। पुलिस ने इस बाबत श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब के पदाधिकारियों से बातचीत की है और इस बारे में रास्ता निकालने का आग्रह किया है, ताकि पंडाल से निकलने वाली रोशनी से हवाई जहाजों के उड़ने और लैंडिंग में समस्या पैदा नहीं हो।
पिछले साल कोरोना संक्रमण के कारण दुर्गा पूजा को इस कदर धूमधाम से मनाने की इजाजत नहीं दी गई थी। लेकिन इस बार सरकार की ओर से इस पर कोई पाबंदी नहीं है। लोग कोरोना गाइडलाइन के साथ दुर्गा पूजा पंडाल में दर्शन के लिए जा रहे हैं। राज्य सरकार ने त्योहारों के कारण 10 से 20 अक्टूबर के बीच सभी दुकानों, रेस्तरां और बार को सामान्य परिचालन घंटों के अनुसार खुले रहने की अनुमति दी है।
इस बार कोलकाता में दुनिया के सबसे बड़े स्मारकों में से एक बुर्ज खलीफा दुर्गा पूजा पंडाल के रूप में बनाया गया है। कोलकाता में सॉल्ट लेक सिटी के लेक टाऊन इलाके में दुबई के बुर्ज खलीफा की तर्ज पर दुर्गा पूजा पंडाल बनाया गया है। यह पंडाल लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसे देखने के लिए बड़ी तादाद में लोग जुट रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications