CM ममता बनर्जी ने पुलिस से कहा- बीएसएफ को उसके अधिकार क्षेत्र के बाहर के इलाकों में प्रवेश करने से रोकें
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्रीय गृह मंत्रालय के बीच एक बार फिर गतिरोध सामने आया है। सीएम ममता बनर्जी ने बांग्लादेश की सीमा से लगते नदिया जिले की पुलिस से कहा है कि वे सीमा सुरक्षा बल ( बीएसएफ ) का विरोध करें, जब उनके अधिकार क्षेत्र का उल्लंघन करें। ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि कानून-व्यवस्था राज्य का विषय है। बीएसएफ को उसके अधिकार क्षेत्र के बाहर के इलाकों में प्रवेश करने से रोकें।

प्रशासनिक बैठक में जिला के पुलिस अधिकारियों से सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि नाका जांच करें और अतिरिक्त निगरानी करें। ममता बनर्जी ने कहा कि मैं प्रभारी निरीक्षकों से कहूंगी कि अपनी निगरानी बढ़ाएं और नाका जांच करें। करीमपुर से बांग्लादेश के साथ लगती सीमाएं हैं आपको उनपर भी नजर रखना होगा। उन्होंने कहा कि आपको यह भी देखना होगा कि बीएसएफ आपकी अनुमति के बगैर गांवों में नहीं घुस पाए और कुछ नहीं कर पाये। बीएसएफ अपना काम करेगा और आप अपना काम कीजिए। याद रखिये कानून-व्यवस्था आपका विषय है।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों में सीएम ममता बनर्जी ने चार अन्य जिलों में प्रशासनिक समीक्षा बैठकों को संबोधित किया और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया है कि बीएसएफ को उसके अधिकार क्षेत्र का उल्लंघन नहीं करने दें। कहा कि राज्य के कानून-व्यवस्था के मामलों में उसे संलिप्त नहीं होने दें। ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को निर्देश दिया है कि वह इस बारे में बीएसएफ के अधिकारियों से बात करें।
Recommended Video
बता दें कि केंद्र ने हाल में बीएसएफ कानून में संशोधन कर पंजाब, पश्चिम बंगाल और असम में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगते 15 किलोमीटर के दायरे की बजाय 50 किलोमीटर के दायरे में सुरक्षा बलों को तलाशी, जब्ती और गिरफ्तारी का अधिकार दिया था। इस फैसले को ममता बनर्जी ने विरोध किया था और कहा था कि यह देश के संघीय ढांचे में हस्तक्षेप करने का प्रयास है। उन्होंने पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नयी दिल्ली में मुलाकात कर इस निर्णय को वापस लेने की मांग की थी।












Click it and Unblock the Notifications