शुभेंदु से मुलाकात को लेकर ममता बनर्जी ने कहा- मैंने उस आदमी को अपना भाई माना लेकिन...
cm Mamata Banerjee, पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को सीएम ममता बनर्जी से मुलाकात की। कभी उनकी पार्टी के सहयोगी रहे शुभेंदु अधिकारी की पार्टी छोड़ने के बाद पहली मुलाकात है। शुभेंदु ने नंदीग्राम सीट से करीबी मुकाबले में ममता बनर्जी को पराजित कर दिया था। मुलाकात के बाद शुभेंदु अधिकारी को ममता बनर्जी ने अपना भाई बताया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चाय का आमंत्रण दिया था। आंमत्रण स्वीकार कर शुभेंदु, विधायक अग्निमित्रा पॉल और मनोज टिग्गा के साथ विधानसभा स्थित सीएम के कमरे में गये थे। हालांकि अधिकारी ने इसे एक सामान्य मुलाकात बताया है। दोनों के बीच बातचीत भी हुई है जिसे लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया है।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए सीएम ममता बनर्जी ने कहा, "जिस व्यक्ति को मैंने अपना छोटा भाई माना, वह आज कह रहा है कि बंगाल में सरकार 'पार्टी की, पार्टी द्वारा और पार्टी के लिए' बन गई है। ममता बनर्जी ने कहा कि, क्या होगा अगर मैं कहूं कि केंद्र में सरकार एजेंसी की, एजेंसी द्वारा और एजेंसी के लिए बनाई गई है?
बैठक के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि, मैंने आज सीएम ममता बनर्जी के साथ तीन-चार मिनट की लंबी शिष्टाचार मुलाकात की... नंदीग्राम से चुनाव लड़ना ममता (बनर्जी) जी के खिलाफ व्यक्तिगत लड़ाई नहीं थी, बल्कि एक राजनीतिक और वैचारिक लड़ाई थी। हालांकि, मैंने चाय नहीं पी।
ममता से शुभेंदु की मुलाकात को लेकर बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने ट्वीट किया- ममता बनर्जी का अहंकार धूल खा रहा है। अंतत: उन्हें समझ में आ गया कि लोकतांत्रिक राजनीति में वे बीजेपी जैसे मजबूत विपक्ष को दरकिनार नहीं कर सकतीं। मुद्दों पर बीच का रास्ता निकालने के लिए वह झुकीं और नंदीग्राम में उन्हें हराने वाले नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और 3 अन्य बीजेपी विधायकों से मिलीं।
तृणमूल कांग्रेस छोड़ने के बाद से ही शुभेंदु अधिकारी ममता बनर्जी पर काफी हमलावर रहे हैं। शुभेंदु अधिकारी ने हाल ही में दावा किया था कि सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस कुछ इलाकों से हिंदुओं को हटाना चाहती है। उन्होंने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी धमकाने की राजनीति करने के आरोप लगाए।












Click it and Unblock the Notifications