Lok sabha Election: ममता बनर्जी का दावा- दिसंबर में ही लोकसभा चुनाव करवा देगी बीजेपी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बीजेपी और केंद्र सरकार पर हमलावर रहती हैं। अब उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बड़ा दावा किया है। उनके मुताबिक बीजेपी तय वक्त से पहले ही आम चुनाव करवा सकती है।
दरअसल टीएमसी यूथ विंग ने कोलकाता में एक रैली आयोजित की थी, जिसमें सीएम ममता बनर्जी भी शामिल हुईं। वहां पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि बीजेपी दिसंबर में लोकसभा चुनाव करवा सकती है। इस वजह से उसने सारे हेलीकॉप्टर पहले से ही बुक करवा लिए हैं, ताकि अन्य पार्टियां को हेलीकॉप्टर ना मिले।

ममता बनर्जी ने आगे कहा कि अगर बीजेपी तीसरी बार जीती और मोदी सरकार वापस आई, तो उसकी तानाशाही बढ़ जाएगी। अगला चुनाव जीतने के लिए बीजेपी देशभर में लगातार अलग-अलग समुदायों में दुश्मनी बढ़ा रही है। अगर वो फिर से सत्ता में आए तो हमारे देश को नफरत का देश बना देंगे।
जादवपुर यूनिवर्सिटी की घटना पर क्या कहा?
जादवपुर यूनिवर्सिटी में बवाल के बाद एबीवीपी ने प्रदर्शन किया था। उस वक्त कुछ विवादित नारे लगाए थे। उस पर भी सीएम ने चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि गोली मारे.... जैसे नारे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ये यूपी नहीं बंगाल है।
उन्होंने राज्यपाल सीवी आनंद बोस पर भी सवाल उठा दिए। ममता बनर्जी ने कहा कि हमारी सरकार जनता द्वारा चुनी गई सरकार है, ऐसे में वो हमसे पंगा ना लें।
पटाखा फैक्ट्री विस्फोट पर कही ये बात
वहीं बंगाल की एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में रविवार को विस्फोट हुआ था, जिसमें 9 लोग मारे गए। इस घटना पर सीएम ने कहा कि कुछ लोग गैरकानूनी तरीके से इस तरह की फैक्ट्रियां चला रहे हैं। पुलिस भी उनका साथ दे रही है, लेकिन अब ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
'लेफ्ट के बाद अब बीजेपी का नंबर'
सीएम ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने ही बंगाल से लेफ्ट को उखाड़ फेंका। अब बीजेपी की बारी है। वो उसे केंद्र की सत्ता से बाहर करके रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications