विदिशा में कार्यकर्ताओं में जोश भरने पहुंचे BJP प्रदेश अध्यक्ष VD शर्मा, कहा- प्रवक्ता बनकर करें प्रचार
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को विदिशा जिले में विभिन्न बैठकों को सम्बोधित किया

मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2023 को देखते हुए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष लगातार जिलों में दौरा कर कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे हैं। इसी क्रम में विदिशा पहुंचे वीडी शर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि देश में बीजेपी जैसा कोई अन्य संगठन नहीं है। विश्व का सबसे बडा राजनैतिक दल कार्यकर्ताओं के बल पर बना है। हम सब भाजपा के तपोनिष्ठ कार्यकर्ता है। कार्यकर्ताओं ने विषम परिस्थितियों में भी संगठन कार्य करके दिखाएं हैं।
वीडी शर्मा ने कहा कि हमारी पार्टी विचारों पर चलकर सत्ता के माध्यम से सड़क, बिजली, पानी, स्वच्छता, स्कूल, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा आदि मूलभूत सुविधाएं आम जनता को मिले यही हमारे सत्ता और संगठन का ध्येय है। प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ पर आमजन के बीच पार्टी के प्रवक्ता बनकर पीएम नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सरकार के कार्यो का प्रचार-प्रसार करें।
हर गरीब के जीवन में बदलाव ला रहे हैं पीएम मोदी
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि देश को पीएम मोदी के जैसा प्रभावी नेतृत्व मिला है। हर समाज वर्ग के व्यक्ति और गरीब के जीवन में बदलाव कैसे आएगा यह भारत में PM मोदी कर रहे हैं। देश के हर गरीब को आवास देकर दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को साकार करने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। आयुष्मान योजना से गरीबों के मुफ्त इलाज से लेकर उज्जवला योजना के माध्यम से गांव-गांव में धुंए से राहत दी है।
हमारी सरकार ने 48 लाख हेक्टेयर सिंचित करने का काम किया: VD शर्मा
शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रत्येक वर्ग को ताकत देने का काम जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कर रहे हैं। 2003 के पूर्व मध्यप्रदेश बीमारू राज्य कहलाता था। प्रदेश में सिर्फ 7 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी, जिसे हमारी सरकार ने 48 लाख हेक्टेयर सिंचित करने का काम किया है। कांग्रेस शासनकाल में बिजली, सड़क, पानी से प्रदेश की जनता त्रस्त थी। आज प्रदेश बीमारू राज्य से निकलकर विकसित और समृद्ध राज्य की श्रेणी में खड़ा है। प्रदेश में हमारी सरकार ने अनेक जनहितैषी योजनाओं को जमीन पर उतारकर सामाजिक परिवर्तन लाने का काम किया है।
सभी कार्यकर्ता अभियान को सफल बनाने में जुट जाएं
बूथ विजय संकल्प अभियान ऐतिहासिक अभियान है और यह अभियान पार्टी की महाविजय के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यह अभियान पूरे प्रदेश में निरंतर चल रहा है। प्रत्येक बूथ पर चलने वाले बूथ विजय संकल्प अभियान से बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में टीम भावना का निर्माण होगा। कार्यकर्ता प्रशिक्षित होंगे और जनता के बीच पहुंचकर पार्टी के जनाधार को और मजबूत करेंगे। इस अभियान से बूथ पर पार्टी के 51 प्रतिशत वोट शेयर के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी सफलता मिलेगी।
विष्णुदत्त शर्मा बुधवार को विदिशा जिले के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने विदिशा जिला कार्यालय में कोर ग्रुप की बैठक भी ली। उन्होंने विदिशा जिले की सभी विधानसभा संचालन टोली और जिला पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, जिला सोशल मीडिया, आईटी प्रभारी एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक को सम्बोधित किया। बैठक में पार्टी की प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लता वानखेडे, विदिशा सांसद रमाकांत भार्गव, सागर सांसद राजबहादर सिंह, जिला अध्यक्ष डॉ राकेश सिंह जादौन, विधायक हरि सिंह सप्रे, उमाकांत शर्मा, राजश्री सिंह, लीना जैन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मुकेश टंडन सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications