Yogi Adityanath: वाराणसी में विकास को रफ्तार देने पहुंचे सीएम योगी, कानून व्यवस्था में ढिलाई पर दी चेतावनी
Yogi Adityanath Varanasi visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे में स्पष्ट कर दिया कि अब विकास कार्यों में ढिलाई और कानून व्यवस्था में ढील बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। सर्किट हाउस में आला अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए सीएम ने निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं तय समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि अपराध और अराजक तत्वों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई होनी चाहिए।
बैठक के दौरान सीएम योगी ने कहा कि वाराणसी में जारी फ्लाईओवर, सड़क, पुल और शहरी विकास परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर शिथिलता मिलने पर संबंधित विभागों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खास तौर पर कज्जाकपुरा फ्लाईओवर और वरुणा नदी के पुनरोद्धार कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सेना द्वारा सफल ऑपरेशन सिंदूर के बाद जिले की सुरक्षा को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

सख्त तेवर दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने गौ-तस्करों और शहरी नक्सलियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू की जाए। साथ ही, जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करने के लिए अधिकारियों को प्रतिदिन जनसुनवाई करने का भी निर्देश दिया।
विकास कार्यों में आएगी रफ्तार
मुख्यमंत्री ने समीक्षा में पाया कि कुछ परियोजनाओं की रफ्तार धीमी है। उन्होंने यूपीपीसीएल, पीडब्ल्यूडी, जल निगम और सेतु निगम को फटकार लगाते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरे करने को कहा। खासतौर पर एयरपोर्ट विस्तार और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के आस-पास कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने का आदेश दिया गया।
सड़कों पर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सीएम ने अतिक्रमण हटाने, नए बस स्टैंड्स और टैक्सी स्टैंड्स के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन करने को कहा। नगर निगम को गर्मी के मौसम में पेयजल सप्लाई और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देशित किया गया।
कानून व्यवस्था में लापरवाही नहीं चलेगी
बैठक में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून व्यवस्था की स्थिति का ब्यौरा दिया। सीएम ने स्पष्ट किया कि लूट, चैन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर तुरंत कड़ी कार्रवाई हो और अपराधियों पर शिकंजा कसा जाए। ऑपरेशन सिंदूर के बाद उन्होंने विशेष रूप से शहरी नक्सल संगठनों पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया।
एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट, संपत्ति कुर्की और शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाइयों में तेजी लाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने इसे और सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए और कहा कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ कोई नरमी न दिखाए।
व्यापारिक ढांचे को मिलेगा नया स्वरूप
बैठक में एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह ने सुझाव दिया कि वाराणसी की थोक मंडियों को व्यवस्थित किया जाए ताकि शहर में ट्रैफिक समस्या कम हो। सीएम योगी ने वाराणसी विकास प्राधिकरण को फल, सब्जी और दूध मंडियों के लिए व्यवस्थित परिसर विकसित करने पर विचार करने को कहा।
उन्होंने नगर निगम को मानसून से पहले नालों की सफाई कर सिल्ट हटाने का आदेश दिया, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। लोक निर्माण विभाग को सड़कों के किनारे बने नालों को मुख्य ड्रेनेज से जोड़ने के लिए भी निर्देशित किया गया।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने बताया कि जिले में करीब 14,000 करोड़ रुपये की 60 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। रिंग रोड फेज-2 की एक लेन मई के अंत तक चालू कर दी जाएगी। कचहरी-संदहा, पांडेयपुर-आजमगढ़ और पड़ाव-टेंगरा सड़कें भी लगभग पूरी हो चुकी हैं और शेष कार्य जल्द निपटाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने जल निगम ग्रामीण को 'हर घर नल से जल' योजना की गुणवत्ता जांचने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ गांवों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। साथ ही रोड कटिंग और सीवरेज नेटवर्क के कार्यों को भी जून 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य दिया।












Click it and Unblock the Notifications